BJP संसदीय बोर्ड का बड़ा फैसला, नितिन नबीन बने पार्टी के अध्यक्ष
बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को BJP ने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है। PM मोदी ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और क्या कहा? जानने के लिए खबर को पूरा पढ़ें।

भाजपा के नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का बधाई देते बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार। सोशल मीडिय़ा
भाजपा के नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का बधाई देते बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार। सोशल मीडिय़ा
नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। सबसे बड़े सूबे उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष की घोषणा होने के साथ ही रविवार को भारतीय जनता पार्टी को नए कार्यकारी अध्यक्ष भी मिल गए हैं। बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को भाजपा संसदीय दल ने नया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष घोषित किया है। अब तक यह जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के पास थी। भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड की ओर से जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर बधाई दी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर नितिन नबीन को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी हैं। पीएम ने कहा कि नितिन नबीन ने एक परिश्रमी कार्यकर्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई है। वह युवा कर्मठ और संगठनात्मक अनुभव से समृद्ध नेता हैं। बिहार में विधायक और मंत्री के रूप में उनका कार्यकाल सराहनीय रहा है। उन्होंने जन आंकाक्षाओं को पूरा करने के लिए हमेशा पूरी लगन और निष्ठा से काम किया है।
पांच बार के विधायक हैं नितिन नबीन
नितिन नबीन पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से पांच बार विधायक चुने जा चुके हैं। हाल ही में हुए 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में उन्होंने आरजेडी प्रत्याशी रेखा कुमारी को 51 हजार से अधिक वोटों के अंतर से हराया। इस चुनाव में नितिन नबीन को कुल 98,299 वोट मिले। वर्तमान में वे बिहार सरकार में सड़क निर्माण मंत्री हैं और छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रभारी भी हैं। 45 वर्षीय नितिन नबीन कायस्थ समुदाय से आते हैं।
राजनीतिक विरासत और अनुभव
नितिन नबीन का जन्म पटना में हुआ। वे भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के पुत्र हैं। पिता के निधन के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा। चुनावी राजनीति में आने से पहले वे भाजयुमो में भी सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। नितिन नबीन ने पहली बार 2006 के उपचुनाव में जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2010, 2015, 2020 और 2025 के विधानसभा चुनावों में लगातार जीत हासिल की।
बिहार भाजपा नेताओं ने दी बधाई
नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर बिहार भाजपा अध्यक्ष और मंत्री दिलीप जायसवाल ने बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह बिहार और भाजपा दोनों के लिए ऐतिहासिक क्षण है। वहीं बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी इस नियुक्ति का स्वागत करते हुए कहा कि नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा बिहार के साथ-साथ पूरे देश में और मजबूत होगी।


