Top
Begin typing your search above and press return to search.

दूसरी बार गणतंत्र दिवस परेड में पहुंचीं ग्राम प्रधान शालिनी मानवेंद्र

लगातार दूसरी बार गणतंत्र दिवस परेड में पहुंचीं ग्राम प्रधान शालिनी सिंह - रामापुर बरकतपुर की ग्राम प्रधान शालिनी सिंह को दूसरी बार गणतंत्र दिवस परेड-2026 में शामिल होने का अवसर, प्रधानमंत्री संग सहभोज भी करेंगी।

शाहजहांपुर, वाईबीएन संवाददाता। ग्राम पंचायत रामापुर बरकतपुर की ग्राम प्रधान शालिनी मानवेंद्र चौहान (शालिनी सिंह) के लिए यह गणतंत्र दिवस विशेष खुशियां लेकर आया है। उन्हें लगातार दूसरी बार गणतंत्र दिवस परेड–2026 के अवसर पर दिल्ली आमंत्रित किया गया है। पंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार के आमंत्रण पर शालिनी सिंह अपने समाजसेवी पति मानवेंद्र सिंह के साथ दिल्ली पहुंच चुकी हैं, जहां 25 व 26 जनवरी को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों में उनकी सहभागिता रहेगी।

कार्यक्रम के अनुसार 25 जनवरी को विशिष्ट अतिथियों के सम्मान में आयोजित अभिनंदन समारोह में शालिनी सिंह प्रतिभाग करेंगी। इसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ रात्रिभोज (सहभोज) का भी आयोजन है। 26 जनवरी को वे कर्तव्य पथ पर आयोजित राष्ट्रीय परेड का सजीव साक्षी बनेंगी। प्रदेश से चयनित 33 ग्राम प्रधानों में शालिनी सिंह का नाम शामिल होना जिले और ग्राम पंचायत के लिए गौरव की बात है।

परास्नातक व एलएलबी उपाधि धारक शालिनी सिंह को इससे पूर्व मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार दो बार—वर्ष 2021-22 एवं 2023-24 में—प्राप्त हो चुका है। वे यह सम्मान दो बार पाने वाली जिले की इकलौती ग्राम प्रधान हैं। अमर उजाला–बजाज की ओर से प्लेटिनम श्रेणी की बाइक सम्मान स्वरूप प्रदान की गई, जबकि दैनिक जागरण–अल्ट्राटैक की ओर से उन्हें यशस्वी ग्राम प्रधान चुना गया। पंचायत पुरस्कारों के अंतर्गत ग्राम पंचायत को 21 लाख एवं 66 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त हुई, जिससे गांव में व्यापक विकास कार्य कराए गए।

विकास की पहचान बनी रामापुर बरकतपुर पंचायत





उच्च शिक्षित ग्राम प्रधान शालिनी मानवेंद्र सिंह के नेतृत्व में पंचायत में समृद्ध गोशाला, अंत्येष्टि स्थल, आंगनवाड़ी केंद्र, पंचायत भवन, सामुदायिक शौचालय तथा दो बारात घरों का निर्माण कराया गया। प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन के लिए प्लास्टिक यूनिट और आरआरसी सेंटर की स्थापना की गई।

गांव के दोनों विद्यालयों में पूर्ण कायाकल्प, मिड-डे मील (एमडीएम) की सुदृढ़ व्यवस्था, आंतरिक सड़कों पर इंटरलॉकिंग कार्य, देव स्थलों का सौंदर्यीकरण तथा पूरे गांव में वाई-फाई कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई गई। किसानों के हित में धान व गेहूं खरीद केंद्र की स्थापना कराकर उन्हें फसल का उचित मूल्य दिलाने की व्यवस्था की गई।

शालिनी मानवेंद्र सिंह चौहान आधुनिक दृष्टिकोण और प्रशासनिक दक्षता का सशक्त उदाहरण पेश कर रही हैं। उनके पति मानवेंद्र सिंह एक लोकप्रिय व जनप्रिय समाजसेवी हैं। उनके सामाजिक कार्यों से प्रभावित होकर वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने उन्हें सिंचाई बंधु के लिए अपना प्रतिनिधि नामित किया है।

दिल्ली में मिले इस सम्मान से ग्राम प्रधान शालिनी सिंह और उनके पति मानवेंद्र सिंह बेहद प्रसन्न हैं। सही मायनों में यह गणतंत्र दिवस उनके लिए उपलब्धियों, सम्मान और नई प्रेरणाओं का प्रतीक बन गया है।


विशेष साक्षात्कार ः “यह सम्मान पूरे गांव का है” – शालिनी सिंह





शाहजहांपुर। ग्राम प्रधान शालिनी सिंह ने नवग्रह टाइम्स व यंग भारत न्यूज के स्थानीय संपादक से बातचीत में अपनी उपलब्धि को ग्रामवासियों के विश्वास और सहयोग का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि गांव से देश की राजधानी तक का यह सफर जनता के आत्मीय प्रेम और समर्थन के बिना संभव नहीं था।

प्रश्न: लगातार दूसरी बार गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने का अवसर मिला, कैसा अनुभव है?

उत्तर: यह मेरे लिए व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि पूरे ग्राम पंचायत रामापुर बरकतपुर की जीत है। दिल्ली बुलाया जाना और प्रधानमंत्री के साथ सहभोज हमारे गांव के विकास कार्यों की पहचान है।

प्रश्न: आपकी सफलता के पीछे सबसे बड़ा मंत्र क्या है?

उत्तर: पारदर्शिता, टीमवर्क और जनता की सहभागिता। जब गांव के लोग साथ चलते हैं, तो विकास अपने आप रास्ता बना लेता है।

प्रश्न: नारी सशक्तिकरण को आप किस रूप में देखती हैं?

उत्तर: जब महिलाएं नेतृत्व में आगे आएं, निर्णय लें और समाज में बदलाव की धुरी बनें—वही सच्चा नारी सशक्तिकरण है।

प्रश्न: आगे की प्राथमिकताएं क्या रहेंगी?

उत्तर: पंचायत को मॉडल ग्राम बनाना, युवाओं के लिए रोजगारपरक प्रशिक्षण, महिलाओं के लिए स्वरोजगार और डिजिटल सुविधाओं का और विस्तार करना।

सह कहें तो शालिनी मानवेंद्र सिंह चौहान, केवल ग्राम प्रधान नहीं, बल्कि नारी सशक्तिकरण की सशक्त मिसाल और प्रेरक प्रतीक बन चुकी हैं। सामाजिक सरोकारों की सोच व सक्रियता व समर्पण भाव से नारी शक्ति के सम्मान व जनपद की शान व सशक्तीकरण की प्रतीक बन चुकी है। लगातार दूसरी बार गणतंत्र दिवस परेड में बुलाए जाने पर उनके गांव में खुशी की लहर है।




Related Stories
Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire