Top
Begin typing your search above and press return to search.

धनबाद विधायक राज सिन्हा को मिलेगा उत्कृष्ट विधायक सम्मान, विधानसभा रजत जयंती पर होगा सम्मान समारोह

झारखंड विधानसभा की उत्कृष्ट विधायक चयन समिति ने धनबाद के भाजपा विधायक राज सिन्हा को उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार के लिए चुना है। रजत जयंती स्थापना दिवस समारोह के दौरान 22 नवंबर को राज्यपाल उनके साथ अन्य चयनित अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सम्मानित करेंगे

Manish Jha
धनबाद विधायक राज सिन्हा को मिलेगा उत्कृष्ट विधायक सम्मान, विधानसभा रजत जयंती पर होगा सम्मान समारोह
X

रांची वाईबीएन डेस्क : झारखंड विधानसभा के रजत जयंती वर्ष को यादगार बनाने की तैयारी बुधवार को और आगे बढ़ गई, जब स्पीकर रबींद्रनाथ महतो के आवासीय कार्यालय में उत्कृष्ट विधायक चयन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। समिति ने इस बार धनबाद से भाजपा विधायक राज सिन्हा को उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार देने का सर्वसम्मति निर्णय लिया। बैठक की अध्यक्षता स्वयं स्पीकर रबींद्रनाथ महतो ने की, जबकि नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, भाजपा मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल सहित अन्य सदस्यों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। बैठक के उपरांत स्पीकर ने मीडिया को बताया कि विधानसभा स्थापना दिवस इस बार बेहद विशेष होने वाला है, क्योंकि रजत जयंती के अवसर पर संस्था से जुड़े विभिन्न वर्गों के बेहतरीन प्रदर्शनकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। इसी क्रम में उत्कृष्ट विधायक के तौर पर राज सिन्हा को यह सम्मान राज्यपाल के हाथों प्रदान किया जाएगा। समारोह में सिर्फ विधायकों ही नहीं, बल्कि प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा। संतोष कुमार सिंह (संयुक्त सचिव), नीलम कुजूर (प्रशाखा पदाधिकारी), मोहम्मद शाहिद (सहायक प्रशाखा पदाधिकारी), राकेश कुमार सिंह (उद्यान पर्यवेक्षक), अनुदेशक मन्नू राम और रविंद्र पाल के नाम भी पुरस्कार सूची में शामिल किए गए हैं। यह सम्मान 22 नवंबर को विधानसभा परिसर में आयोजित होने वाले स्थापना दिवस समारोह में दिया जाएगा। स्पीकर ने स्पष्ट किया कि यह पुरस्कार सिर्फ औपचारिकता नहीं है, बल्कि हर वर्ष उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रोत्साहित करने की एक सकारात्मक पहल है। पत्रकारों को सम्मान देने की मांग पर उन्होंने बताया कि पत्रकार समुदाय की ओर से ही नाम भेजने का आग्रह किया गया है, क्योंकि किसी एक नाम को चुनना उनके लिए संभव नहीं था।

सम्मान मिलने पर विधायक राज सिन्हा ने व्यक्त की भावनाएँ

विधायक राज सिन्हा ने इस सम्मान को अपने जीवन का गौरवपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने कहा कि जनता, पार्टी कार्यकर्ताओं और सहकर्मी विधायकों के सहयोग ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया है। उन्होंने याद दिलाया कि धनबाद के पूर्व सांसद और पूर्व विधायक पी.एन. सिंह को भी इसी तरह का सम्मान मिल चुका है, और वे स्वयं को खुशनसीब मानते हैं कि वे उसी विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। राज सिन्हा ने कहा कि धनबाद की जनता का विश्वास ही उनकी असली ताकत है, और यह सम्मान उन्हें आगे और अधिक ऊर्जा के साथ काम करने की प्रेरणा देगा। उन्होंने कहा कि जनता से उन्होंने हमेशा वादा किया है कि उनके विश्वास को कभी टूटने नहीं देंगे, और इस पुरस्कार ने उनके संकल्प को और मजबूत किया है।

कौन हैं राज सिन्हा? तीन बार लगातार विधायक, युवाओं में लोकप्रिय चेहरा

राज सिन्हा धनबाद से भाजपा के प्रमुख विधायक हैं और अभी तक लगातार तीन बार विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं। 2014 में भाजपा ने उन्हें पहली बार टिकट दिया था, जहाँ उन्होंने कांग्रेस के दिग्गज नेता मन्नान मल्लिक को 50 हजार से अधिक वोटों से हराकर धमाकेदार जीत दर्ज की। 2019 में पार्टी ने फिर उन पर भरोसा जताया, और इस बार भी उन्होंने मन्नान मल्लिक को करीब 30 हजार से अधिक मतों से मात देकर अपनी लोकप्रियता साबित की। साल 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने तीसरी बार उन्हें इसी सीट से टिकट दिया और राज सिन्हा ने इस बार भी शानदार जीत दर्ज करते हुए हैट्रिक बनाई। लगातार तीन जीत ने उन्हें भाजपा के भीतर और जनमानस के बीच एक भरोसेमंद, सक्रिय और प्रभावी जनप्रतिनिधि के रूप में स्थापित किया है।


Related Stories
Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire