रांची में भीषण ठंड का असर: दो दिन बंद रहेंगे केजी से 12वीं तक के सभी स्कूल
भीषण ठंड और मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन का एहतियाती निर्णय

रांची वाईबीएन डेस्क :रांची जिले में लगातार बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग, रांची द्वारा जारी विशेष चेतावनी के बाद विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सभी विद्यालयों में पठन-पाठन गतिविधियों पर अस्थायी रोक लगाने का निर्णय लिया है।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन का फैसला
मौसम विज्ञान केंद्र, झारखंड द्वारा जारी बुलेटिन में अगले कुछ दिनों तक कड़ाके की ठंड और शीतलहर की संभावना जताई गई है। तापमान में लगातार गिरावट को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्थिति की समीक्षा करते हुए स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया।
9 और 10 जनवरी को सभी स्कूलों में पढ़ाई स्थगित
जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत आदेश जारी करते हुए कहा है कि जिले के सभी सरकारी, गैर सरकारी, सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक एवं निजी विद्यालयों में केजी से लेकर 12वीं कक्षा तक की नियमित कक्षाएं 9 जनवरी 2026 (शुक्रवार) से 10 जनवरी 2026 (शनिवार) तक पूरी तरह स्थगित रहेंगी।
शिक्षक उपस्थित रहेंगे, परीक्षाओं को लेकर छूट
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यदि इस अवधि में किसी विद्यालय में पूर्व निर्धारित परीक्षा है तो उसका आयोजन विद्यालय प्रबंधन अपने स्तर पर कर सकता है। वहीं सभी शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों को विद्यालय में निर्धारित समय पर उपस्थित रहना होगा और ई-विद्या वाहिनी पोर्टल पर अनिवार्य रूप से उपस्थिति दर्ज करनी होगी। इस दौरान वे विद्यालय से जुड़े गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करेंगे।


