Top
Begin typing your search above and press return to search.

मरांडी के आरोप घबराए विपक्ष की हताशा, झूठ का पुलिंदा ; जांच से नहीं, सच से डरते हैं बाबूलाल : विनोद पांडेय

झामुमो महासचिव विनोद पांडेय ने भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी द्वारा लगाए गए अवैध कोयला व्यापार से जुड़े आरोपों को झूठा, निराधार और राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा झारखंड में अपनी विश्वसनीयता खो चुकी है

Manish Jha
मरांडी के आरोप घबराए विपक्ष की हताशा, झूठ का पुलिंदा ; जांच से नहीं, सच से डरते हैं बाबूलाल : विनोद पांडेय
X

रांची वाईबीएन डेस्क : सत्ताधारी झारखंड मुक्ति मोर्चा ने विपक्ष के आरोपों पर शुक्रवार को तीखी प्रतिक्रिया दी। झामुमो के महासचिव विनोद पांडेय ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा अवैध कोयला व्यापार को लेकर लगाए गए आरोपों को “बेबुनियाद, राजनीतिक रूप से प्रेरित और घबराहट में किया गया झूठा प्रहसन” बताया। उन्होंने कहा कि मरांडी जी जान लें—झूठ को सौ बार बोलने से वह सच नहीं हो जाता। झारखंड में कानून का राज है और किसी भी अवैध गतिविधि पर कड़ी कार्रवाई होती है। यह जीरो टॉलरेंस वाली सरकार है। भाजपा सत्ता से बाहर है, इसलिए उसे हर जगह डर और भ्रम नजर आ रहा है।

झूठी स्क्रिप्ट कौन दे रहा है मरांडी को?” : झामुमो का सवाल

महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि झारखंड में भ्रष्टाचार और कोयला माफिया को बढ़ावा देने वाली यदि कोई सरकार रही है, तो वह भाजपा की ही रही है। उन्होंने तंज किया कि मरांडी यह बताएं कि उन्हें कोयला साइट्स, थानों की फीस, हवाला रूट और ‘महाराजा-सेनापति’ वाली कहानी किसने थमाई। यह आरोप कम और किसी फिल्मी लेखक की स्क्रिप्ट ज्यादा लगती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले एक वर्ष में अवैध खनन पर ऐतिहासिक रूप से रोक लगाई है, जिससे भाजपा बौखलाई हुई है और झूठ की राजनीति कर रही है।

आरोपों में न तथ्य, न प्रमाण “राजनीतिक हताशा का चरम”

विनोद पांडेय ने कहा कि मरांडी के आरोप प्रमाणहीन हैं और यह उनकी राजनीतिक हताशा का चरम है। उन्होंने कहा कि मरांडी के पास न तथ्य हैं और न ही सबूत,सिर्फ मीडिया में बने रहने की कोशिश है। भाजपा झारखंड में अपनी विश्वसनीयता खो चुकी है, इसलिए रोज नए आरोप गढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार हर जांच के लिए तैयार है, लेकिन वह तथ्यों और कानून के दायरे में होनी चाहिए। यदि मरांडी के पास एक भी ठोस सबूत है, तो वह सार्वजनिक करें।

भाजपा का इतिहास कोयला कारोबारियों से भरा” :झामुमो का पलटवार

विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा को आईना दिखाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि कोयला माफिया किसके संरक्षण में पनपे, यह झारखंड जानता है। धनबाद से गिरिडीह तक भाजपा नेताओं से जुड़े कई नाम आज भी न्यायालयों में लंबित मामलों में दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार 2.0 ने एक वर्ष में अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई, पुलिस-प्रशासन की जवाबदेही, खनन पट्टों में पारदर्शिता और कोयला परिवहन में डिजिटल ट्रैकिंग जैसे बड़े कदम उठाए हैं, जो भाजपा को रास नहीं आ रहे। अंत में उन्होंने कहा कि मरांडी जो कहानियां गढ़ रहे हैं वह सस्पेंस थ्रिलर जैसी लगती हैं। झूठ फैलाकर सत्ता नहीं मिलती—सरकार पारदर्शिता के साथ काम कर रही है और भाजपा के आरोप पूरी तरह निराधार हैं।


Related Stories
Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire