कोहरे ने ली दो की जान: शाहजहांपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, एक गंभीर
लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर हुलास नगरा ओवरब्रिज के पास हुआ हादसा; अज्ञात वाहन की टक्कर से दो की मौत, एक युवक गंभीर

शाहजहांपुर, वाईबीएन संवाददाता। उत्तर भारत में बढ़ते कोहरे का असर अब जानलेवा होता जा रहा है। शुक्रवार सुबह घने कोहरे के बीच मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र में लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ा हादसा हो गया। हुलास नगरा ओवरब्रिज के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों की पहचान ग्राम भमौरी के मझरा गौटिया निवासी पप्पू मौर्य (32) और ग्राम भमौरी के ही संजीत यादव (40) के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल मोहित कुशवाहा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना सुबह की है। जानकारी के मुताबिक तीनों युवक बरेली से कटरा की ओर लौट रहे थे। हुलास नगरा ओवरब्रिज पर कोहरे के कारण्श्यण ता बेहद कम थी, इसी बीच एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी और फरार हो गया। दुर्घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को उपचार के लिए तत्काल बरेली के अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने पप्पू और संजीत को मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल ने बताया कि घने कोहरे के चलते यह गंभीर हादसा हुआ है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि कोहरे में वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें।


