शाहजहांपुर की लान टेनिस स्टार महिका खन्ना को विवेकानंद यूथ अवार्ड
राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों से रोशन किया जनपद का नाम, ITF और AITA में बनाया इतिहास, अब मुख्यमंत्री के हाथों होंगी सम्मानित
शाहजहांपुर, वाईबीएन संवाददाताः जनपद के खेल इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। शाहजहांपुर की होनहार लान टेनिस खिलाड़ी महिका खन्ना को उनकी उत्कृष्ट खेल उपलब्धियों के लिए राज्य स्तरीय विवेकानंद यूथ अवार्ड 2024-25 से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल महाविद्यालय, उन्नाव द्वारा स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर प्रदान किया जाएगा। महिका का चयन खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हुआ है।
शहर के मुहल्ला तारीन बहादुरगंज निवासी गगन खन्ना की पुत्री एवं समाजसेवी सरिता खन्ना की पौत्री महिका खन्ना ने बहुत कम उम्र में टेनिस कोर्ट पर कदम रखा। पिता की अंगुली थामकर शुरू हुआ यह सफर आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान तक पहुंच चुका है। बचपन से ही अनुशासन, कठोर अभ्यास और लक्ष्य के प्रति समर्पण ने महिका को एक सशक्त खिलाड़ी के रूप में स्थापित किया।
महिका खन्ना ने अंतरराष्ट्रीय टेनिस महासंघ (ITF) के जूनियर टूर्नामेंट में हिस्सा लेते हुए कई एकल खिताब अपने नाम किए हैं। इसके साथ ही उन्होंने ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन (AITA) की गर्ल्स अंडर-18 रैंकिंग में इतिहास रचते हुए उत्तर प्रदेश की पहली खिलाड़ी बनने का गौरव प्राप्त किया, जिन्होंने टॉप-10 में 35 सप्ताह तक अपना स्थान बनाए रखा। यह उपलब्धि प्रदेश के टेनिस जगत के लिए मील का पत्थर मानी जाती है।
राष्ट्रीय स्तर पर भी महिका का प्रदर्शन लगातार शानदार रहा है। उन्होंने विभिन्न AITA राष्ट्रीय श्रृंखला टूर्नामेंट में अंडर-18 और महिला वर्ग में एकल व युगल दोनों खिताब जीते हैं। देश के विभिन्न राज्यों में आयोजित प्रतियोगिताओं के साथ-साथ उन्होंने विदेश की धरती पर भी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर भारत और शाहजहांपुर का मान बढ़ाया है।
जनवरी 2026 तक महिका खन्ना की करियर-हाई ITF सिंगल्स रैंकिंग 1004 रही है, जो उनके निरंतर प्रगति की गवाही देती है। वर्तमान में वह राष्ट्रीय रैंकिंग में भी शीर्ष पांच खिलाड़ियों में शामिल हैं। इससे पहले उन्हें पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस पर जनपद का सर्वोच्च सम्मान “जनपद रत्न” भी प्रदान किया जा चुका है।
राज्य स्तरीय विवेकानंद यूथ अवार्ड के लिए चयन की खबर मिलते ही जनपद में हर्ष और गर्व का माहौल है। खेल प्रेमियों का मानना है कि महिका आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगी। महिका खन्ना आज न केवल शाहजहांपुर बल्कि प्रदेश की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का प्रतीक बन चुकी हैं।






