मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का दावोस व लंदन दौरे के बाद रांची लौटने पर भव्य स्वागत
दावोस और लंदन दौरे के बाद मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का रांची एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत, वैश्विक मंच से राज्य के विकास के नए अवसरों पर जोर
रांची वाईबीएन डेस्क :बिरसा मुंडा एयरपोर्ट रांची परिसर में आज मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन का भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) के प्रतिनिधिमंडल के साथ आम जनता ने ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। यह स्वागत झारखंड में राज्य सरकार की उपलब्धियों और जनता के विश्वास का प्रतीक माना जा रहा है।
दावोस और लंदन से लौटे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज सुबह दावोस और यूनाइटेड किंगडम (लंदन) दौरे से रांची लौटे। इस दौरान झारखंड का प्रतिनिधित्व पहली बार एक बड़े वैश्विक मंच पर किया गया। हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में 11 सदस्यीय झारखंड प्रतिनिधिमंडल ने वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (World Economic Forum) की वार्षिक बैठक में हिस्सा लिया। इस सम्मेलन में विश्व के प्रमुख निवेशक, उद्योगपति और गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया, जो राज्य के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है।
वैश्विक मंच से झारखंड के विकास को मिलेगी नई दिशा
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के माध्यम से झारखंड ने एक बड़े पटल पर अपनी बात रखने का प्रयास किया है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की तरफ से दावोस और लंदन में झारखंड की आवाज पहुंचाई गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहला मौका है जब राज्य गठन के बाद झारखंड ने एक बड़े वैश्विक मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। फोरम में सम्मिलित होकर उन्हें जो अनुभव मिला है, उसका लाभ राज्य के समस्त जनमानस और झारखंड की जल, जंगल, जमीन एवं अन्य अपार संभावनाओं को नई दिशा देने में लिया जाएगा।
शिक्षा और युवाओं के विकास पर जोर
हेमन्त सोरेन ने कहा कि वैश्विक मंच के अनुभव से शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। यह पहल राज्य की युवा पीढ़ी को मजबूती प्रदान करेगी और उन्हें भविष्य में बेहतर दिशा देने में सहायक होगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य में कई संभावनाएं हैं और सरकार की प्राथमिकता इन सभी संभावनाओं को मूर्त रूप देकर झारखंड को प्रगति के पथ पर अग्रसर करना है।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को राज्य के लिए रणनीतिक और आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में भागीदारी झारखंड के लिए वैश्विक निवेश आकर्षित करने और राज्य की आर्थिक संभावनाओं को नई ऊँचाई देने का अवसर है।




