राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं हेमन्त सोरेन ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि
गांधी जी की पुण्यतिथि पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने बापू वाटिका में अर्पित की श्रद्धांजलि, भजन-रामधुन से गूंजा परिसर

रांची वाईबीएन डेस्क : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
भजन-रामधुन से गांधीमय हुआ वातावरण
कार्यक्रम के दौरान बापू वाटिका में भजन मंडली द्वारा गांधी जी के प्रिय भजन और रामधुन की प्रस्तुति दी गई। भजनों की मधुर धुनों से पूरा परिसर गांधीमय हो गया। राज्यपाल, मुख्यमंत्री सहित सभी गणमान्य अतिथि भजनों की आत्मीयता में डूबे नजर आए।
राज्यपाल ने गांधी जी के आदर्शों को बताया प्रेरणास्रोत
मीडिया को संबोधित करते हुए राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन समस्त देशवासियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि गांधी जी के सिद्धांतों और आदर्शों पर चलकर ही समाज और राष्ट्र को नई दिशा दी जा सकती है। इस मौके पर उन्होंने भारत सरकार द्वारा झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन को पद्मभूषण सम्मान दिए जाने पर आभार जताया और इसे झारखंड के लिए गौरव की बात बताया।
मुख्यमंत्री बोले— गांधी के मार्ग से ही समृद्ध और शांतिपूर्ण समाज
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन दर्शन, त्याग और संघर्ष पूरे विश्व के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि गांधी जी के बताए रास्ते पर चलकर ही समृद्ध राज्य, विकसित देश और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व वाली दुनिया का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम में मंत्री श्रीमती दीपिका पांडे सिंह एवं राज्यसभा सांसद श्रीमती महुआ माजी ने भी महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।


