Weather Forecast: उत्तर भारत में ठंड बढ़ी, कुछ दिनों में बढ़ेगी सिहरन
उत्तर भारत में शीतलहर का प्रहार, शीतलहर, कोहरा और बर्फबारी से जनजीवन अस्त- व्यस्त, तापमान शून्य से नीचे पहुंचा, हिमाचल–लद्दाख के ऊपरी इलाकों में ताजा बर्फबारी।

नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। दिसंबर का दूसरा सप्ताह उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड लेकर आया है। जम्मू–कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी शुरू होते ही कई इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है। दिल्ली से लेकर पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ तक शीतलहर और घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।पश्चिमी विक्षोभ और तेज गति से सक्रिय उपोष्णकटिबंधीय जेट स्ट्रीम ने उत्तर और पूर्व भारत में तापमान को सामान्य से काफी नीचे पहुंचा दिया है। यह मौसम बदलाव अगले कुछ दिनों तक उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का असर और बढ़ा सकता है।
UP के पूर्वी जिलों में घना कोहरा
पूर्वी उत्तर प्रदेश में 10 से 13 दिसंबर के बीच घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं। गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या, बस्ती, सिद्धार्थनगर और आसपास के क्षेत्रों में सुबह दृश्यता बेहद कम हो सकती है।नमी बढ़ने और तापमान में हल्की गिरावट के कारण कोहरा देर तक बना रह सकता है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की संभावना है। विभाग ने सुबह यात्रा के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है।
दिल्ली–एनसीआर में बढ़ी सर्दी
राष्ट्रीय राजधानी में 12 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हल्की धुंध और तेज ठंडी हवाएं ठिठुरन बढ़ा रही हैं।अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। हवा की नमी में गिरावट और तापमान में तेजी से कमी साफ महसूस की जा रही है।
उत्तराखंड में कोहरा और नमी 90% के पार
देहरादून, हरिद्वार, रुद्रपुर, काशीपुर, कोटद्वार और ऋषिकेश समेत कई शहरों में सुबह घना कोहरा छाया रहा। यहां न्यूनतम तापमान 4–6 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ।नमी 90% के पार पहुंचने से दृश्यता प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है। ऊपरी इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना से ठंड और बढ़ सकती है।
हिमाचल–लद्दाख में शीतलहर तेज, ऊपरी इलाकों में ताजा बर्फबारी
हिमाचल के 23 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज हुआ।मनाली, ऊना और धर्मशाला में पारा शिमला से भी कम रहा।लाहौल–स्पीति में तापमान फिर से शून्य से नीचे चला गया है।10 दिसंबर को कई ऊपरी क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हुई, वहीं 14 दिसंबर से मौसम में बड़ा बदलाव संभव है।
कश्मीर घाटी में कड़ाके की ठंड, तालाबों पर जम रही बर्फ
- कश्मीर में ठंड रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुकी है।
- श्रीनगर: –3.7°C
- काजीगुंड व कुपवाड़ा: –3.6°C
- पहलगाम: –4.8°C
- पुलवामा: –5.1°C
कई इलाकों में तालाबों पर बर्फ जमनी शुरू हो गई है। अगले कुछ दिनों तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और गिलगित-बाल्टिस्तान- मुजफ्फराबाद में बारिश और बर्फबारी जारी रहने का पूर्वानुमान है।
पंजाब–हरियाणा–चंडीगढ़ में शीतलहर अलर्ट
उत्तर–पश्चिम भारत में तापमान लगातार गिर रहा है।पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 10 से 12 दिसंबर तक शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।आदमपुर में न्यूनतम तापमान 2.8°C दर्ज हुआ, जो मैदानी इलाकों में सबसे कम है।घने कोहरे और सर्द हवाओं के चलते यातायात और दैनिक गतिविधियों पर असर दिखने लगा है।

