रांची में कारोबारी को फंसाने की साजिश बेनकाब, कार में ब्राउन शुगर रखने के आरोप में नेता समेत 3 गिरफ्तार
एक करोड़ रुपये के लेन-देन विवाद के बाद रची गई साजिश का खुलासा, सीसीटीवी फुटेज से सामने आया पूरा मामला

रांची वाईबीएन डेस्क : राजधानी रांची में एक बड़े कारोबारी को झूठे ड्रग्स केस में फंसाने की साजिश का खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया कि कारोबारी की कार में जानबूझकर ब्राउन शुगर रखी गई थी ताकि उसे पुलिस के हाथों गिरफ्तार करवाया जा सके। इस मामले में लोअर बाजार थाना पुलिस ने एक राजनीतिक दल से जुड़े नेता सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में तनवीर खान, इसराफिल उर्फ राजा और मुकेश सोनी शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कारोबारी और तनवीर खान के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के कारण कारोबारी को नुकसान पहुंचाने और उसे कानून के शिकंजे में फंसाने की योजना बनाई गई थी।
बताया जा रहा है कि साजिश के तहत आरोपी इसराफिल उर्फ राजा बाहर से ब्राउन शुगर खरीदकर रांची लाया था। इसके बाद मौका देखकर कारोबारी की कार में मादक पदार्थ रख दिया गया। योजना के मुताबिक ही पुलिस को सूचना दी गई कि एक कार में ड्रग्स ले जाया जा रहा है।
इसी सूचना के आधार पर रविवार रात रांची के मेन रोड इलाके में पुलिस ने वाहन जांच अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने कई गाड़ियों को रोका और उनकी तलाशी ली। इसी क्रम में कारोबारी की कार को भी रोका गया। जब वाहन की जांच की गई तो कार से ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति को कारोबारी की कार के पास जाते और उसमें कुछ रखते हुए देखा गया। इसके बाद पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर छापेमारी की और तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि कारोबारी ने अपनी बेटी के मेडिकल कॉलेज में एडमिशन कराने के लिए तनवीर खान को करीब एक करोड़ रुपये दिए थे। लेकिन आरोपी ने न तो एडमिशन कराया और न ही पैसे लौटाए। जब कारोबारी ने पैसा वापस मांगना शुरू किया तो उसे फंसाने की साजिश रच दी गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार तीनों आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।


