सरायकेला-खरसावां में त्योहारों को लेकर प्रशासन सख्त, शांति समिति की बैठक में कई अहम फैसले
ईद, सरहुल, रामनवमी समेत प्रमुख पर्वों के लिए सुरक्षा और व्यवस्था पर विशेष जोर

रांची वाईबीएन डेस्क : सरायकेला-खरसावां जिले में आने वाले विभिन्न धार्मिक पर्वों को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। समाहरणालय के सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शांति समिति के सदस्य और सामाजिक प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक के दौरान ईद-उल-फितर, सरहुल, रामनवमी, चैत्र नवरात्र और चैती छठ जैसे त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
सुझावों के आधार पर तैयारियां
बैठक में उपस्थित शांति समिति और अखाड़ा समितियों के सदस्यों से त्योहारों के सफल आयोजन को लेकर सुझाव मांगे गए। सदस्यों ने घाटों की सफाई, पानी की उपलब्धता, रोशनी की बेहतर व्यवस्था, सड़कों और नालियों की साफ-सफाई जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
इसके अलावा जुलूसों के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और भीड़ नियंत्रण के उपायों पर भी जोर दिया गया। साथ ही जुलूस मार्ग में आने वाली मांस और मछली की दुकानों को अस्थायी रूप से बंद रखने की बात भी सामने आई।
प्रशासन ने दिए सख्त निर्देश
उपायुक्त ने बैठक में मिले सुझावों को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने जुलूस मार्गों से अवैध पार्किंग, ठेले और अन्य अवरोधों को हटाने को कहा। साथ ही नगर क्षेत्रों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने और प्रमुख चौक-चौराहों को व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने अनुमंडल स्तर पर डीजे संचालकों के साथ बैठक करने और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक या भड़काऊ गानों पर पूरी तरह रोक लगाने का आदेश भी दिया गया।
सुरक्षा और निगरानी पर खास फोकस
त्योहारों के दौरान सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नदी घाटों पर विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग और गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी, ताकि किसी भी दुर्घटना से बचा जा सके।
वहीं पुलिस अधीक्षक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और व्हाट्सएप ग्रुप्स पर निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे आपसी भाईचारा बनाए रखें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि सभी पर्व शांति और सौहार्द के साथ संपन्न हो सकें।


