Encounter: गाजियाबाद में पुलिस मुठभेड़, दो बदमाशों को लगी गोली
गाजियाबाद के कॉसिंग रिपब्लिक थानाक्षेत्र में बुधवार तड़के पुलिस की बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में दो बदमाशों को गोली लगी है।

गाजियाबाद, वाईबीएन न्यूज। गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थानाक्षेत्र में बुधवार तड़के पुलिस की बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों को पैर में गोली मारने के बाद हिरासत में ले लिया। उनके तीन अन्य साथियों को भी गिरफ्तार करने में पुलिस कामयाब रही। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से तमंचे और गोकशी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले औजार भी बरामद किए हैं।
मुखबिर की सूचना पर की थी घेराबंदी
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने मुठभेड़ की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी की थी। पुलिस को सूचना मिली थी कुछ बदमाश गोकशी की घटना को अंजाम देने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक अभियुक्तों ने ही 3 मार्च को पशु कटान की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस ने तीन स्थानों पर की थी घेराबंदी
मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस तुरंत हरकत में आई और एबीईएस कट और चिपियाना अंडरपास समेत तीन स्थानों पर पुलिस पिकेट लगाकर वाहनों की चेकिंग शुरू की गई। चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध होंडा सिटी का दिखने पर पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने कार पीछे मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस के पीछा करने पर बदमाशों ने कार कच्चे रास्ते पर उतार दी और भागने का प्रयास किया।
बदमाशों ने घिरने पर चला दी गोली
बदमाशों ने जब खुद को पुलिस से घिरा पाया तो पुलिस पार्टी पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई। पुलिस की गोली दो बदमाशों के पैर में लगी। पुलिस ने घायलों को हिरासत में ले लिया। इस बीच उनके तीन अन्य साथी भी गिरफ्तार कर लिए गए।
मारूफ और अयान को लगी गोली
एसीपी प्रियाश्री पाल ने बताया कि पुलिस की गोली से घायल बदमाशों ने अपने नाम मारूफ और अयान बताए हैं, जबकि उनके साथियों की पहचान जाेहिन, आलम और समीर के रूप में की गई है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से दो तमंचे, खोखा और जिंदा कारतूसों के अलावा पशु कटाने में इस्तेमाल होने वाले औजार भी बरामद किए हैं। एसीपी के मुताबिक अभियुक्तोंं ने हाल में ही विजयनगर थानाक्षेत्र में पशु कटान की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

