Ghaziabad: किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, पुलिस तलाश में जुटी
गाजियाबाद के वेव सिटी सेक्टर-4 स्थित झुग्गी से 17 वर्षीय किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर CCTV फुटेज की जांच शुरू कर दी है।

गाजियाबाद, वाईबीएन न्यूज। वेव सिटी क्षेत्र में सेक्टर-4 स्थित झुग्गी बस्ती से एक 17 वर्षीय किशोरी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परिजनों ने इसकी सूचना वेव सिटी थाना पुलिस को दी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है।
मूलरूप से एमपी के छतरपुर का रहने वाला है परिवार
जानकारी के मुताबिक मूलरूप से मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले निवासी पीड़ित पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी 17 वर्षीय बेटी 3 मार्च की सुबह करीब साढ़े 10 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई। काफी तलाश करने के बाद भी जब किशोरी का कुछ पता नहीं चला तो परिवार ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस: एसीपी प्रियाश्री पाल
परिजनों के मुताबिक लापता होने के समय किशोरी ने काला कुर्ता, फिरौजी रंग का लोअर और नीली जैकेट पहन रखी थी। वेव सिटी थाना पुलिस ने पीड़ित के पिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की जा रही है ताकि किशोरी का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके।

