Top
Begin typing your search above and press return to search.

Ghaziabad: यूट्यूबर पर हमले का दूसरा आरोपी गुलफाम भी एनकाउंटर में ढेर

गाजियाबाद में यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हमले के दूसरे आरोपी गुलफाम को भी पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया। दो दिन पहले भाई जीशान का भी हुआ था एनकाउंटर।

Ghaziabad: यूट्यूबर पर हमले का दूसरा आरोपी गुलफाम भी एनकाउंटर में ढेर
X

गाजियाबाद, वाईबीएन न्यूज। गाजियाबाद कमिश्नरेट पुलिस ने यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हमले के दूसरे आरोपीगुलफाम को भी मुठभेड़ में ढेर कर दिया। मंगलवार देर रात यह मुठभेड़ इंदिरापुरम थानाक्षेत्र में हुई। थाना पुलिस के अलावा स्वाट टीम भी मुठभेड़ में शामिल रही। इससे पहले रविवार देर रात गुलफाम के भाई जीशान को भी पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया था। बता दें कि यूट्यूबर पर हमले के बाद गाजियाबाद पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी पर एक-एक लाख रुपये का ईनाम घोषित किया था।

यूट्यबर पर हमले के बारे में जानिए

गाजियाबाद पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक यूट्यूबर सलीम वा‌स्तिक लोनी क्षेत्र का रहने वाला है। वह तीन तलाक और हलाला को मुस्लिम धर्म की कुरीतियां बताकर चर्चा में आया था। सलीम अपना यूट्यूब चैनल भी चलाता था। आरोप है कि कट्टरपंथियों ने उसे कई बार धमकी भी दी। 26 फरवरी को बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने सलीम पर चाकूओं से तावड़तोड़ वार कर हत्या का प्रयास किया, लेकिन किसी तरह सलीम की जान बच गई। गंभीर हालत में उसे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके दो ऑपरेशन हो चुके हैं और अभी भी अस्पताल में उपचाराधीन है।

काफी चर्चित हुआ था यूट्यूबर पर हमला

यूट्यूबर पर हुआ जानलेवा हमला काफी चर्चित हुआ। मामले में सीएम योगी आदित्यनाथ का भी बयान सामने आया था। सीएम ने कहा था कि हमलावरों को बख्शा नहीं जाएगा।गाजियाबाद पुलिस ने मामले की जांच के दौरान दोनों हमलावरों की जीशान और गुलफाम के रूप में पहचान की। दोनों अमरोहा जनपद के सैदनगली निवासी बुनियादी अली के बेटे थे और खोड़ा में किराए के मकान में रहते थे। पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी पर एक- एक लाख रुपये का ईनाम घोषित किया था। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने सलीम वास्तिक पर चाकूओं से 14 वार किए थे।

ऐसे हुई गुलफाम के साथ पुलिस मुठभेड़

मंगलवार देर रात इंदिरापुरम थाना पुलिस और स्वाट टीम ने एक बाइक सवार दो बदमाशों को इंदिरापुरम थानाक्षेत्र में रोकने का प्रयास किया लेकिन उन्होंने बाइक ऐलीवेटेड रोड के नीचे दौड़ा दी। पुलिस के मुताबिक बाइक फिसलने पर दोनों गिर गए और पुलिस से घिरने पर गोली चला दी। दोनों ओर से हुई फायरिंग में एक बाइक सवार पुलिस की गोली से घायल हो गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। घायल की पहचान यूट्यूबर के दूसरे हमलावर गुलफाम पुत्र ‌बुनियाद अली के रूप में हुई। गुलफाम ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

जीशान के एनकाउंटर के बारे में जानिए

मुखबिर की सूचना पर रविवार देर रात लोनी थाना पुलिस और स्वाट टीम ने बाइक सवार दो युवकों की घेराबंदी की। पुलिस के रुकने का इशारा करने पर बाइक सवार युवकों ने पुलिस पार्टी पर गोली चला दी। मुठभेड़ के दौरान एक युवक को गोली लगने के बाद गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया था, उसकी पहचान जीशान पुत्र बुनियाद अली के रूप में हुई। रविवार रात को ही जीशान की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी।

दोनों मुठभेड़ों की कहानी एक जैसी

रविवार रात जीशान के साथ हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान उसका एक साथी फरार हो गया था। मुठभेड़ में दो हेड कांस्टेबल बदमाशों की गोली से घायल भी हुए थे और दो का बचाव बुलेटप्रूफ जैकेट के चलते हो गया। मंगलवार रात हुई मुठभेड़ में भी दो हेड कांस्टेबल बदमाशों की गोली से घायल हो गए जबकि दो अन्य पुलिसकर्मी बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने के कारण बच गए।


Dhiraj Dhillon

Dhiraj Dhillon

धीरज ढिल्लों दो दशकों से अधिक समय से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने अपने करियर के दौरान दैनिक हिंदुस्तान और अमर उजाला जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में नोएडा और गाजियाबाद क्षेत्र में गहन रिपोर्टिंग की है। प्रिंट मीडिया के साथ-साथ, उन्होंने डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी काम किया है। उनकी लेखनी में निष्पक्षता, तथ्यपरकता और गहरी विश्लेषण क्षमता स्पष्ट रूप से झलकती है। समसामयिक विषयों के साथ-साथ स्वास्थ्य, जीवनशैली, विकास संबंधी मुद्दों और राजनीति में उनकी गहरी रुचि रही है। उन्होंने पांच वर्षों तक Centre for Advocacy & Research (CFAR) के साथ मिलकर सार्वजनिक स्वास्थ्य संचार कार्य किया है।

Related Stories
Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire