Top
Begin typing your search above and press return to search.

जानिए यूट्यूबर पर हमला करने वाले जीशान के एनकाउंटर की इनसाइड स्टोरी

गाजियाबाद के यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हमले के आरोपी जीशान सैफी के एनकाउंटर की इनसाइड स्टोरी। परिवार वाले कर रहे थे जीशान की शादी की तैयारी।

जानिए यूट्यूबर पर हमला करने वाले जीशान के एनकाउंटर की इनसाइड स्टोरी
X

गाजियाबाद, वाईबीएन न्यूज। रविवार को आधी रात एनकाउंटर में पुलिस ने यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हमले के आरोपी जीशान सैफी को ढेर कर दिया, हालांकि मौके से उसका साथी गुलफाम फरार हो गया। पुलिस उसे तलाश कर रही है। जीशान के एनकाउंटर की इनसाइड स्टोरी जानने के लिए इस खबर को पूरा पढ़ें। खबर में पढ़ें कि कैसे पुलिस सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से जीशान तक पहुंची। खोड़ा में किराए का मकान लेकर रह रहा जीशान अमरोहा जिले के सैदनगली कस्बे का रहने वाला था। परिवार वाले उसकी शादी की तैयारी में लगे थे, लेकिन उससे पहले ही उसके कर्मों ने उसे जहन्नुम पहुंचा दिया।

वीडियो के जरिए जीशान तक पहुंची पुलिस

यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हमले की जांच के दौरान गाजियाबाद पुलिस को एक वीडियो मिला जिसमें जीशान और गुलफाम वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो रहे हैं। वीडियो में खून के निशान न केवल जीशान के कपड़ों पर दिखाई देते हैं बल्कि उसकी बाइक पर भी खून के निशान साफ दिख रहे हैं। बस इसी वीडियो को देखने के बाद पुलिस जीशान के पीछे लग गई थी। अपना खुफिया तंत्र पुलिस ने सक्रिय कर दिया और रविवार को रात में मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने दोनों को लोनी थानाक्षेत्र में निठौरा रेलवे अंडरपास के नजदीक दोनों को घेर लिया। मुठभेड़ में जीशान ढेर हो गया जबकि गुलफाम फरार।

हमले के बाद दोनों सीधे खोड़ा पहुंचे

गाजियाबाद पुलिस के मुताबिक 26 फरवरी को यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हमला करने के बाद जीशान और गुलफाम बाइक पर सवार होकर सीधे खोड़ा पहुंचे। यहां जीशान किराए का कमरा लेकर रहता था। कमरे में पहुंचकर दोनों ने कपड़े बदले और फिर फरार हो गए। जांच में पुलिस को यह भी पता लगा है कि जीशान ने हमले की साजिश 15 दिन पहले ही रची थी और बाकायदा रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया था।

दोनों ने चाकू से किए थे 14 वार

पुलिस के मुताबिक जीशान और गुलफाम यूट्यूबर सलीम वास्तिक की जान लेने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ना चाहते थे। दोनों ने सलीम के ऊपर चाकू से एक या दो नहीं, बल्कि पूरे 14 वार किए थे। गंभीर हालत में सलीम को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, सलीम अभी भी अस्पताल में भर्ती है। उसके दो ऑपरेशन हो चुके हैं।

जीशान की गिरफ्तारी पर एक लाख का ईनाम था

इस बीच रविवार देर रात लोनी में जीशान पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। गाजियाबाद पुलिस ने जीशान और गुलफाम की गिरफ्तारी पर एक- एक लाख रुपये का ईनाम घोषित किया था। मामले में खुद सीएम योगी का बयान आया था। उन्होंने साफ कहा था कि यूट्यूबर पर हमले के आरोपी बख्शे नहीं जाएंगे। गुलफाम अभी भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।

वारदात के तीसरे दिन परिवार से मिला था जीशान

ऊधर, जीशान के पिता बुनियाद अली, जो परिवार के साथ अमरोहा जनपद के सैदनगली कस्बे में रहते हैं। बेटे का शव लेने गाजियाबाद पहुंचे बुनियाद अली लकड़ी का काम करते हैं। बुनियाद अली ने बताया कि 28 फरवरी की सुबह जीशान घर आया था लेकिन शाम के समय किसी काम की बात कहकर घर से चला गया। उसके बाद जीशान से उनका कोई संपर्क नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि पिछले महीने ही जीशान की शादी के ल‌िए लड़की देखी थी, हम शादी की तैयारी कर रहे थे लेकिन हमें नहीं पता था कि जीशान ऐसा करेगा।


Dhiraj Dhillon

Dhiraj Dhillon

धीरज ढिल्लों दो दशकों से अधिक समय से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने अपने करियर के दौरान दैनिक हिंदुस्तान और अमर उजाला जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में नोएडा और गाजियाबाद क्षेत्र में गहन रिपोर्टिंग की है। प्रिंट मीडिया के साथ-साथ, उन्होंने डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी काम किया है। उनकी लेखनी में निष्पक्षता, तथ्यपरकता और गहरी विश्लेषण क्षमता स्पष्ट रूप से झलकती है। समसामयिक विषयों के साथ-साथ स्वास्थ्य, जीवनशैली, विकास संबंधी मुद्दों और राजनीति में उनकी गहरी रुचि रही है। उन्होंने पांच वर्षों तक Centre for Advocacy & Research (CFAR) के साथ मिलकर सार्वजनिक स्वास्थ्य संचार कार्य किया है।

Related Stories
Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire