Balochistan में बलोच विद्रोहियों का तांडव, कई शहरों पर एकसाथ हमला
बलोच लिबरेशन आर्मी ने क्वेटा समेत 10 से ज्यादा इलाकों में पुलिस थानों और सरकारी इमारतों पर किया कब्जा, भारी गोलीबारी और धमाकों से दहला प्रांत

नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। बलोच विद्रोहियों ने बड़े पैमाने पर हिंसक कार्रवाई करते हुए कई शहरों में एक साथ हमले किए हैं। बलोच लिबरेशन आर्मी (BLA) के जेयंद गुट ने शनिवार को “ऑपरेशन हेरोफ़” के दूसरे चरण के तहत बलूचिस्तान के अलग-अलग हिस्सों में समन्वित हमले शुरू किए। इन हमलों में कई पुलिस थानों और सरकारी इमारतों पर कब्जा कर लिया गया है। अचानक हुए इन हमलों से पाकिस्तानी सुरक्षा बल बैकफुट पर नजर आए और कई जगहों पर उन्हें अपने पोस्ट छोड़ने पड़े। पाकिस्तानी मीडिया जियो न्यूज के मुताबिक, इन हमलों में अब तक 10 सुरक्षाकर्मियों की मौत हुई है, जबकि पाकिस्तान सरकार का दावा है कि जवाबी कार्रवाई में 58 आतंकियों को मार गिराया गया है।
इन जिलों में एक साथ किए गए हमले
खबरों के अनुसार, हमले शनिवार सुबह करीब 6 बजे बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा में एक जोरदार धमाके के साथ शुरू हुए। इसके बाद करीब दो घंटे तक भारी गोलीबारी और कई विस्फोटों की आवाजें सुनाई दीं। क्वेटा के अलावा पसनी, मस्तंग, नुश्की और ग्वादर जिलों में भी एक साथ हमले किए गए। विद्रोही अत्याधुनिक हथियारों से लैस थे और कई इलाकों में आत्मघाती हमलों की भी खबरें सामने आई हैं। सोशल मीडिया पर स्थानीय पत्रकारों और सूत्रों ने दावा किया है कि बलूचिस्तान के कई शहरों में हथियारबंद विद्रोहियों ने नियंत्रण स्थापित कर लिया है। मस्तंग में विद्रोहियों द्वारा पुलिस स्टेशन और शहर पर कब्जा किए जाने की सूचना है, जहां से 30 से अधिक कैदी फरार हो गए। क्वेटा में भी हथियारबंद लोगों के कई इलाकों में घुसने और नियंत्रण करने के दावे किए जा रहे हैं। ग्वादर और कलात में भी झड़पें जारी बताई जा रही हैं। अरब न्यूज से बातचीत में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि विद्रोहियों ने क्वेटा शहर में घुसने की कोशिश की, लेकिन पुलिस और अन्य कानून लागू करने वाली एजेंसियों ने उन्हें रोक दिया। उन्होंने बताया कि सरयाब रोड पर एक पुलिस मोबाइल पर हमला किया गया, जिसमें दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। शहर में अब भी क्लीयरेंस ऑपरेशन जारी है।
क्वेटा, सिबी और चमन में इंटरनेट सेवा बंद
पाकिस्तान के अखबार डॉन के एक रिपोर्टर के अनुसार, हमलों के बाद क्वेटा, सिबी और चमन में मोबाइल फोन कॉल सेवाएं चालू रहीं, लेकिन डेटा सेवाएं बंद कर दी गईं। हालात को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री बख्त मुहम्मद काकर और स्वास्थ्य सचिव मुजीबुर रहमान के निर्देश पर पूरे बलूचिस्तान के सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है। इस बीच, द बलूचिस्तान पोस्ट ने हमलों से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की है। रिपोर्ट के अनुसार, बलोच लिबरेशन आर्मी ने अपने कमांडर-इन-चीफ बशीर ज़ेब बलूच का एक वीडियो संदेश जारी किया है। वीडियो में उन्होंने बलूच लोगों से घरों से बाहर निकलने और पाकिस्तानी सरकार के खिलाफ सशस्त्र संघर्ष के निर्णायक चरण में शामिल होने की अपील की है। बशीर ज़ेब बलूच ने दावा किया कि “ऑपरेशन हेरोफ़” के दूसरे चरण के तहत बलूचिस्तान के दस शहरों में एक साथ हमले किए गए हैं। वीडियो में वे हथियारबंद लड़ाकों के साथ दिखाई देते हैं और ब्राहुई तथा बलूची भाषाओं में संदेश देते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि लोग इस संघर्ष में शामिल नहीं हुए, तो इतिहास उनकी हार दर्ज करेगा। उन्होंने कहा, “हम चरमपंथी नहीं हैं, लेकिन जब हमारी जमीन और हमारे देश की बात आती है, तो हम किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं। हमने किसी देश पर कब्जा नहीं किया है, बल्कि हम पर कब्जा किया गया है। हमारी लड़ाई न्याय के लिए है। बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री के राजनीतिक और मीडिया मामलों के विशेष सलाहकार शाहिद रिंद ने एक्स पर दावा किया कि पिछले दो दिनों में सुरक्षा बलों ने प्रांत के अलग-अलग इलाकों में 70 से ज्यादा विद्रोहियों को मार गिराया है।
रेलवे लाइन पर एंटी-टैंक माइन और विस्फोटक सामग्री मिली
इसी दौरान पुलिस ने नसीराबाद जिले में रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध विस्फोटक सामग्री बरामद की है। नसीराबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक असदुल्लाह नासिर ने बताया कि रबी पुल के पास रेलवे लाइन पर एंटी-टैंक माइन और विस्फोटक सामग्री मिली, जिसे समय रहते निष्क्रिय कर दिया गया। बरामद सामान में आधा किलो विस्फोटक, पेट्रोल और एक लोहे की रॉड शामिल थी। स्थानीय लोगों और सूत्रों के अनुसार, क्वेटा, नुश्की, कलात, मस्तंग, दलबांदिन, खारान, ग्वादर, पसनी, टंप, बुलेदा और धदार में सुरक्षा हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। कई इलाकों में भारी गोलीबारी, धमाकों और पुलिस व सैन्य ठिकानों पर हमलों की खबरें मिली हैं। क्वेटा के संवेदनशील रेड ज़ोन इलाकों में भी फायरिंग और विस्फोटों की सूचना दी गई है। द बलूचिस्तान पोस्ट के मुताबिक, सरयाब रोड पर हथियारबंद लोगों ने एक पुलिस मोबाइल पर हमला किया, जिसमें दो पुलिसकर्मी मारे गए और वाहन को आग के हवाले कर दिया गया।

