Kanpur News: पुलिस मुठभेड़ में चेन स्नैचर को लगी गोली, साथी फरार
कल्याणपुर में बुधवार को पुलिस की स्कूटर सवार लुटेरों से मुठभेड़ हुई। इसमें एक लुटेरे अमित कुमार के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी आदित्य सोनकर फरार हो गया।

कानपुर, वाईबीएन संवाददाता। कल्याणपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह पुलिस और स्कूटर सवार लुटेरों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक लुटेरे के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
तीन मार्च को महिला से लूटी थी चेन
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बंबा रोड निवासी राकेश त्रिपाठी की पत्नी कुसुम से तीन मार्च को महाराणा प्रताप स्कूल के पास स्थित सब्जी मंडी में स्कूटर सवार बदमाशों ने चेन लूट ली थी। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। बुधवार सुबह बारा सिरोही नहर पुल के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक स्कूटर सवार को रोकने का प्रयास किया। इस पर वह यू-टर्न लेकर भागने लगा। पीछा करने पर बदमाशों में से एक ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी फरार हो गया।
आरोपी के खिलाफ हत्या समेत कई गंभीर केस
घायल आरोपी की पहचान नौबस्ता के हनुमंत विहार निवासी अमित कुमार के रूप में हुई है। उसके पास से एक देशी तमंचा, कारतूस और लूट में इस्तेमाल की गई स्कूटर बरामद हुई है। आरोपी के खिलाफ हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह हाल ही में बिठूर क्षेत्र से जेल भी जा चुका है। डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि फरार साथी आदित्य सोनकर की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।

