Top
Begin typing your search above and press return to search.

Kanpur News: ट्रेलर से भिड़ी तीर्थयात्रियों की डबल डेकर बस, एक की मौत

तीर्थयात्रियों को लेकर नासिक से नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर जा रही थी बस। पुलिस और बचाव दल ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

Kanpur News: ट्रेलर से भिड़ी तीर्थयात्रियों की डबल डेकर बस, एक की मौत
X

कानपुर, वाईबीएन संवाददाता। कानपुर-इटावा हाईवे पर पनकी थाना क्षेत्र के सरायमीता के पास शनिवार सुबह तीर्थयात्रियों से भरी डबल डेकर बस हादसे का शिकार हो गई। बस आगे चल रहे वाहन को बचाने के प्रयास में अचानक ब्रेक लगने के बाद पीछे से एक ट्रेलर में जा भिड़ी। हादसे में एक महिला तीर्थयात्री की मौत हो गई, जबकि करीब 50 लोग घायल हो गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे के दोनों ओर लंबा जाम लग गया।

अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे हाईवे किनारे एक खराब ट्रक खड़ा था। उसे बचाने के लिए आगे चल रहे कंटेनर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इसके पीछे आ रहे राजस्थान से टाइल्स और पत्थर लेकर जा रहे ट्रेलर के चालक ने भी ब्रेक लगा दी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही डबल डेकर बस ट्रेलर में पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कुछ सीटें ट्रेलर में फंस गईं। ट्रेलर में लदा टाइल्स का सामान भी टूटकर बिखर गया।

नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे तीर्थयात्री

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए उपचार के लिए एलएलआर अस्पताल भेजा गया। पुलिस के मुताबिक, डबल डेकर बस महाराष्ट्र के नासिक से 57 तीर्थयात्रियों को लेकर अयोध्या होते हुए नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर दर्शन के लिए जा रही थी। हादसे में घायल कई तीर्थयात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

एनएचएआई की रेस्क्यू टीम के सदस्य बीपी सक्सेना ने बताया कि सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है और हाईवे पर यातायात बहाल कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।


Related Stories
Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire