Kanpur News: CSJMU के सामने बनेगा नया रेलवे स्टेशन, ट्रैक का काम जल्द शुरू होगा
अनवरगंज-मंधना एलिवेटेड रेलवे ट्रैक के निर्माण के तहत रावतपुर और कल्याणपुर स्टेशनों को हटाकर छत्रपति शाहू जी महाराज विवि के सामने बनेगा नया रेलवे स्टेशन।

कानपुर, वाईबीएन संवाददाता। अनवरगंज–मंधना एलिवेटेड रेलवे ट्रैक परियोजना के तहत रावतपुर और कल्याणपुर रेलवे स्टेशनों को हटाया जाएगा। उनकी जगह छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के सामने दलहन अनुसंधान संस्थान की जमीन पर नया रेलवे स्टेशन बनाया जाएगा।
रेलवे स्टेशन के निर्माण के लिए आवश्यक जमीन रेलवे को उपलब्ध करा दी गई है। परियोजना के तहत एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का काम 2 मई से शुरू होने की संभावना है। नए स्टेशन का नाम अटल बिहारी रेलवे स्टेशन रखा जाएगा। इसके निर्माण की जिम्मेदारी प्रयागराज की एक कंपनी को सौंपी गई है।
करीब 3.20 बीघा जमीन रेलवे को हस्तांतरित की
एलिवेटेड ट्रैक के निर्माण को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। नए स्टेशन के लिए करीब 3.20 बीघा जमीन रेलवे को हस्तांतरित की जा चुकी है। निर्माण कार्य से पहले संबंधित कंपनी के इंजीनियर रेलवे अधिकारियों के साथ मिलकर स्टेशन का डिजाइन तैयार करेंगे।
प्रस्तावित रेलवे स्टेशन को आधुनिक और विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस किया जाएगा। यहां यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय, रेस्टोरेंट और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही इस स्टेशन को कल्याणपुर मेट्रो स्टेशन से भी जोड़ा जाएगा, जिससे यात्रियों को आवागमन में आसानी होगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार अनवरगंज–मंधना एलिवेटेड ट्रैक परियोजना के लिए पीडब्ल्यूडी की ओर से आईआईटी के पास जमीन भी उपलब्ध कराई गई है। सीनियर सेक्शन इंजीनियर अभिषेक यादव ने बताया कि पहले चरण में स्टेशन परिसर की बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाएगा। इसके बाद डिजाइन अंतिम रूप मिलने पर स्टेशन के निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा।

