बच्चों की लंबाई बढ़ाने के साथ सेहत का आधार है 'ताड़ासन', जानिए इसके अनमोल फायदे
'ताड़ासन' (माउंटेन पोज़) को सभी योगासनों का आधार माना जाता है, और इसका नियमित अभ्यास अनेक स्वास्थ्य लाभ प्रदान करता है। यह बच्चों की लंबाई बढ़ाने में भी सहायक है।

नई दिल्ली। 'ताड़ासन' (माउंटेन पोज़) को सभी योगासनों का आधार माना जाता है, और इसका नियमित अभ्यास अनेक स्वास्थ्य लाभ प्रदान करता है। यह सरल आसन शारीरिक और मानसिक संतुलन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। ताड़ासन रीढ़ की हड्डी को सीधा और मजबूत बनाने में मदद करता है, जिससे शरीर की मुद्रा (पोस्चर) सुधरती है और पीठ दर्द से राहत मिलती है। यह पैरों, टखनों और कोर मसल्स को शक्तिशाली बनाता है। इसके अभ्यास से रक्त संचार बेहतर होता है, और यह बच्चों की लंबाई बढ़ाने में भी सहायक है। यह मानसिक एकाग्रता और शांति को भी बढ़ाता है। रोज सुबह ताड़ासन करने से आप दिनभर ऊर्जावान महसूस करते हैं।
बच्चों की लंबाई बढ़ाने में सहायक
मालूम हो कि हमारे शरीर के आंतरिक और बाहरी अंगों की सेहत के लिए पौष्टिक आहार और अच्छी जीवनशैली को अपनाना बेहद जरूरी है, जहां योगासन शरीर को मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य का लाभ देता है, वहीं पौष्टिक आहार शरीर को स्वस्थ बनाता है। इन्हीं में से एक योगासन है 'ताड़ासन'। इसके करने से न केवल शारीरिक स्थिरता और संतुलन बढ़ता है, बल्कि मानसिक शक्ति भी मिलती है। विशेषज्ञ बताते हैं कि ताड़ासन एक सरल योगासन है, जिसके करने से लंबाई बढ़ाने में मदद मिलती है। यह योगासन बच्चों के लिए बहुत उपयोगी है।
'ताड़ासन' करने की विधि
इसको करने के लिए योगा मैट पर सीधे खड़े हो जाएं और दोनों पैरों को कंधे की चौड़ाई के बराबर पास-पास रखें। अब हाथों की उंगलियों को आपस में फंसा लें और कलाई को बाहर की ओर मोड़ें। सांस लेते हुए बाजुओं को सिर के ऊपर कंधों की सीध में उठाएं। इसके बाद एड़ियों को जमीन से ऊपर उठाकर पंजों पर संतुलन बनाएं। इस मुद्रा में 10-15 सेकंड तक रहना चाहिए।
इसके फायदे
ताड़ासन को खड़े होकर करने वाले आसनों का आधार माना जाता है। आयुष मंत्रालय के अनुसार, ताड़ासन को नियमित तौर पर करने से रीढ़ की हड्डी मजबूत होती है और शरीर की मुद्रा बेहतर रहती है। इसके करने मात्र से शरीर की मांसपेशियां में स्ट्रेच आता हैं, जिससे लचीलापन बढ़ता है। ताड़ासन रक्त संचार को भी बेहतर करता है और पाचन तंत्र को सुधारता है, साथ ही तनाव को कम करने में भी मददगार है। यह आत्मविश्वास और मानसिक एकाग्रता को बढ़ाने में भी सहायक है। ताड़ासन के नियमित अभ्यास से पैरों, पीठ और कंधों की मांसपेशियां मजबूत होती हैं, जिससे चोटों का खतरा कम होता है। इसी के साथ ही यह मन को शांत करता है और तनाव कम करने में भी सहायक है।
विशेषज्ञ की सलाह
ताड़ासन करने से स्वास्थ्य संबंधी लाभ मिल सकते हैं, लेकिन अगर आपको सिरदर्द, अनिद्रा या फिर अन्य गंभीर समस्या है, तो आप इसे करने से परहेज करें या फिर किसी विशेषज्ञ की सलाह से करें।
Disclaimer: इस लेख में प्रदान की गई जानकारी केवल सामान्य जागरूकता के लिए है। इसे किसी भी रूप में व्यावसायिक चिकित्सकीय परामर्श के विकल्प के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। कोई भी नई स्वास्थ्य-संबंधी गतिविधि, व्यायाम, शुरू करने से पहले अपने चिकित्सक से सलाह जरूर लें।"


