Moradabad: सरकारी कार्य में बाधा और जानलेवा हमले के 3 आरोपी गिरफ्तार
समाज कल्याण विभाग की एक टीम ग्राम प्रधान सेहल में सरकारी जांच के लिए पहुंची थी

मुरादाबाद वाईबीएन संवाददाता। मुरादाबाद में भोजपुर थाना पुलिस ने ग्राम प्रधान सेहल में जांच करने गई सरकारी टीम पर हमला करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
ड्यूटी पर मौजूद पुलिस टीम के साथ भी अभद्रता की
यह मामला 19 मार्च 2026 का है, जब समाज कल्याण विभाग की एक टीम ग्राम प्रधान सेहल में सरकारी जांच के लिए पहुंची थी। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, जांच के दौरान आरोपियों ने न केवल सरकारी कार्य में बाधा डाली, बल्कि ड्यूटी पर मौजूद पुलिस टीम के साथ भी अभद्रता की। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर और पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने का प्रयास किया। इस हमले में कुछ लोग घायल भी हुए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया, जिससे सार्वजनिक शांति भंग हुई।
थाना भोजपुर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 0089/2026 दर्ज किया। इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं और धारा-7 आपराधिक कानून (संशोधन) अधिनियम 1932 के तहत आरोप लगाए गए हैं।
विवेचनात्मक कार्यवाही के दौरान पुलिस ने गांव सेहल निवासी भुवनेश कुमार शर्मा पुत्र मुनीदेव शर्मा, पवन कुमार पाण्डे पुत्र ऋषिराम शर्मा, ध्रुव कुमार शर्मा पुत्र विजय कुमार शर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कर्मचारियों के कार्य में बाधा डालने और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जाएगा। फिलहाल, तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है और मामले की आगे की विधिक कार्यवाही जारी है।


