Top
Begin typing your search above and press return to search.

Moradabad: 1402 परिषदीय स्कूलों में वार्षिक परीक्षा का शंखनाद

कक्षा एक से आठ तक के 1.41 लाख से अधिक विद्यार्थी इस परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं

Moradabad: 1402 परिषदीय स्कूलों में वार्षिक परीक्षा का शंखनाद
X

मुरादाबाद वाईबीएन संवाददाता। मुरादाबाद के परिषदीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के मूल्यांकन के लिए वार्षिक परीक्षाओं का आगाज सोमवार, 16 मार्च 2026 से हो गया है। पहले दिन परीक्षा को लेकर नन्हे-मुन्ने बच्चों में खासा उत्साह देखा गया। जिले के कुल 1402 विद्यालयों में कक्षा एक से आठ तक के 1.41 लाख से अधिक विद्यार्थी इस परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं।

दो पालियों में परखा जा रहा बच्चों का ज्ञान

परीक्षाओं का आयोजन दो मुख्य पालियों में किया जा रहा है। सोमवार को पहली पाली में कक्षा एक से पांच तक के छात्र-छात्राओं की मौखिक परीक्षा संपन्न हुई, जिसमें शिक्षकों ने बच्चों के बुनियादी ज्ञान और भाषा कौशल का बारीकी से आकलन किया। इसी दौरान, कक्षा छह, सात और आठ के विद्यार्थियों के लिए बेसिक क्राफ्ट और कला विषय की लिखित परीक्षा आयोजित की गई।

वहीं, दूसरी पाली में उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) के बच्चों के लिए खेल एवं शारीरिक शिक्षा और स्काउट गाइड की परीक्षा हुई। छात्रों ने बताया कि प्रश्न पत्र उनके पाठ्यक्रम और स्कूल में पढ़ाए गए विषयों पर ही आधारित थे। इस वर्ष मूल्यांकन प्रक्रिया में शामिल होने वाले कक्षा 1: 18,056 विद्यार्थी,कक्षा 2 से 5: 82,413 विद्यार्थी,कक्षा 6 से 8: 41,450 विद्यार्थी शामिल हैं।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विमलेश कुमार ने बताया कि परीक्षाओं को नकल विहीन और पारदर्शी बनाने के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर सचल दलों का गठन किया गया है, जो निरंतर स्कूलों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के निर्देशानुसार, यह परीक्षाएं 20 मार्च 2026 तक चलेंगी।


Related Stories
Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire