Moradabad: लव-जिहाद' के विरुद्ध हिंदू बेटियों को दिखाई गई फिल्म
'द केरला-2 स्टोरी फिल्म देखने से पूर्व सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ कर अपनी आस्था और एकजुटता का प्रदर्शन किया

मुरादाबाद वाईबीएन संवाददाता। मुरादाबाद जिले में सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं ने 'लव-जिहाद' के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से सैकड़ों हिंदू युवतियों को 'द केरला-2 स्टोरी' फिल्म दिखाने की विशेष पहल की। मुरादाबाद के वेब सिनेमा में आयोजित इस स्क्रीनिंग में युवतियों ने फिल्म देखने से पूर्व सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ कर अपनी आस्था और एकजुटता का प्रदर्शन किया।
सामाजिक संस्थाओं की पहल
मुरादाबाद की 'श्री सिद्धबली सेवा संस्थान' द्वारा आज वेब सिनेमा में 'द केरला-2 स्टोरी' की फ्री स्क्रीनिंग आयोजित की गई। संस्थान का मानना है कि इस फिल्म के माध्यम से हिंदू बेटियों को 'लव-जिहाद' जैसी साजिशों से बचने का संदेश दिया जा रहा है।
सिनेमा हॉल में गूँजा हनुमान चालीसा
फिल्म देखने पहुँची सैकड़ों युवतियों ने शो शुरू होने से पहले हॉल में ही हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस दौरान वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। युवतियों ने बॉलीवुड के उन निर्माताओं का आभार व्यक्त किया जो सामाजिक मुद्दों और हिंदू बेटियों की सुरक्षा पर केंद्रित फिल्में बना रहे हैं।
पंजीकरण और तिलक लगाकर स्वागत
वेब सिनेमा के बाहर संस्था द्वारा विशेष कैंप लगाया गया था। यहाँ फिल्म देखने आने वाली युवतियों का बाकायदा रजिस्ट्रेशन किया गया। संस्थान के कार्यकर्ताओं ने सभी युवतियों को तिलक लगाया और उन्हें उपहार स्वरूप हनुमान चालीसा की प्रतियां भी वितरित कीं।


