Moradabad: कबाड़ गोदाम में भीषण आग,लाखों का सामान राख
मौके पर पहुँची दो तहसीलों की फायर ब्रिगेड की टीम ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया

मुरादाबाद वाईबीएन संवाददाता। मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा कोतवाली क्षेत्र में एक कबाड़ के गोदाम में संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लग गई। शॉर्ट सर्किट के कारण लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाकर मौके पर पहुँची दो तहसीलों की फायर ब्रिगेड की टीम ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
गोदाम के अंदर रखा भारी मात्रा में सामान इसकी चपेट में आ गया
घटना ठाकुरद्वारा कोतवाली क्षेत्र की है, जहाँ स्थित एक कबाड़ (स्क्रैप) गोदाम में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम के अंदर रखा भारी मात्रा में सामान इसकी चपेट में आ गया। गोदाम में रखे पुराने फ्रिज, वॉशिंग मशीन और प्लास्टिक का अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया है।
आग की ऊँची लपटों और काले धुएं के गुबार को देखकर स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, हालांकि गोदाम मालिक को लाखों रुपये के आर्थिक नुकसान का अनुमान है।
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ठाकुरद्वारा कोतवाली क्षेत्र में कबाड़ के गोदाम में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। तत्काल दो तहसीलों से फायर टेंडर की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया है। आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है"।


