Moradabad: एक सप्ताह में बुकलेट पर प्रिंट किया जाएगा आईडीपी
नई बुकलेट व्यवस्था लागू होने के बाद परमिट की विश्वसनीयता बढ़ेगी और वैधता संबंधी सभी शंकाएं खत्म हो जाएंगी

मुरादाबाद वाईबीएन संवाददाता। परिवहन विभाग अब विदेश में वाहन चलाने वाले चालकों के लिए अंतर्राष्ट्रीय ड्राइविंग परमिट (IDP) को साधारण कागज के बजाय एक विशेष बुकलेट के रूप में जारी करेगा।
जांच के दौरान वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है
परिवहन विभाग की ओर से मुरादाबाद आरटीओ को 150 बुकलेट उपलब्ध करा दी गई हैं। अधिकारियों के अनुसार, एक सप्ताह के भीतर यह नई व्यवस्था पूरी तरह से लागू कर दी जाएगी। इस कदम का मुख्य उद्देश्य उन भारतीय चालकों की मदद करना है, जिन्हें विदेशों में साधारण कागज पर छपे परमिट की वैधता को लेकर समस्याओं का सामना करना पड़ता था।
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में आईडीपी साधारण कागज पर जारी किए जाते हैं। इस कारण कई देशों में सुरक्षा और प्रमाणिकता की जांच के दौरान वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। नई बुकलेट व्यवस्था लागू होने के बाद परमिट की विश्वसनीयता बढ़ेगी और वैधता संबंधी सभी शंकाएं खत्म हो जाएंगी।
जिले में हर साल 100 से अधिक लोगों को आईडीपी जारी किया जाता है। नई बुकलेट प्राप्त होने से अब इन आवेदकों को अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप दस्तावेज मिल सकेंगे, जिससे उनकी विदेश यात्रा और वहां ड्राइविंग करना अधिक सुगम हो जाएगा।


