Top
Begin typing your search above and press return to search.

Moradabad: जेई के खिलाफ जांच: ठेकेदार ने दोहराया मारपीट का गंभीर आरोप

जिलाधिकारी के निर्देश पर इस मामले की संयुक्त जांच सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ हाईवे द्वारा की जा रही है

Moradabad: जेई के खिलाफ जांच: ठेकेदार ने दोहराया मारपीट का गंभीर आरोप
X

मुरादाबाद वाईबीएन संवाददाता। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के अवर अभियंता (जेई) और उनकी टीम द्वारा मजदूरों के साथ की गई मारपीट के मामले में जांच तेज हो गई है। सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश हुए ठेकेदार सुनील कुमार ने अपने बयानों को दोहराते हुए जेई पर डंडों से हमला करने और मजदूरों को घायल करने का संगीन आरोप लगाया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर इस मामले की संयुक्त जांच सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ हाईवे द्वारा की जा रही है।

मारपीट के दौरान दो मजदूर निर्माणाधीन इमारत की दूसरी मंजिल से नीचे गिर गए

यह मामला पाकबड़ा थाना क्षेत्र के लोदीपुर राजपूत इलाके का है। ठेकेदार सुनील कुमार के अनुसार, 27 फरवरी की शाम को जब वे सीएनजी पंप के सामने दुकानों का निर्माण कार्य करा रहे थे, तब एमडीए के जेई देवेंद्र सिंह अपने साथ एक टीम और हाथ में डंडा लेकर वहां पहुंचे। आरोप है कि जेई और उनके साथियों ने बिना किसी उकसावे के वहां काम कर रहे निर्माण मजदूरों की पिटाई शुरू कर दी।

मारपीट के दौरान मची अफरा-तफरी में दो मजदूर निर्माणाधीन इमारत की दूसरी मंजिल से नीचे गिर गए। वे गंभीर रूप से चोटिल हो गए और उन्हें कई दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा। वर्तमान स्थिति यह है कि वे मजदूर अपने घर तो लौट आए हैं, लेकिन चोटों के कारण मजदूरी करने में पूरी तरह असमर्थ हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ हाईवे को जांच सौंपी है। सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट ने शिकायतकर्ता ठेकेदार सुनील कुमार को बुलाकर उनके विस्तृत बयान दर्ज किए। जांच अधिकारियों ने बताया कि वे अब चोटिल श्रमिकों के बयान भी दर्ज कर रहे हैं। पुलिस ने साक्ष्य के तौर पर घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जुटाई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और दर्ज बयानों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Related Stories
Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire