Top
Begin typing your search above and press return to search.

Moradabad: रामपुर बलभद्र गांव में घुसा तेंदुआ, दहशत में ग्रामीण

वन विभाग की टीम ने अब गाँव के आसपास गश्त तेज करने और पंजों के निशान के आधार पर सर्च ऑपरेशन चलाने का आश्वासन दिया है

Moradabad: रामपुर बलभद्र गांव में घुसा तेंदुआ, दहशत में ग्रामीण
X

मुरादाबाद वाईबीएन संवाददाता। मुरादाबाद जिले में वन्य जीवों का रिहायशी इलाकों में आना बदस्तूर जारी है। ताज़ा मामला भगतपुर थाना क्षेत्र का है, जहाँ एक तेंदुए की मौजूदगी ने पूरे गाँव को दहशत में डाल दिया है। गाँव की गलियों में तेंदुए के टहलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

तेंदुए को गाँव की गलियों में खुलेआम घूमते देखा

मुरादाबाद के भगतपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम रामपुर बलभद्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक तेंदुए को गाँव की गलियों में खुलेआम घूमते देखा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेंदुआ काफी समय तक आबादी वाले क्षेत्र में चहलकदमी करता रहा, जिससे ग्रामीणों में अपनी जान को लेकर भारी डर बैठ गया है।

तेंदुए के खौफ का आलम यह है कि लोग दिन के उजाले में भी अपने घरों से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। किसानों ने अपने खेतों पर जाना बंद कर दिया है, जिससे उनकी फसलों और दैनिक रोजगार पर भी बुरा असर पड़ रहा है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची, लेकिन जंगली जानवर के डर से ग्रामीण अभी भी सहमे हुए हैं।

पिछले कुछ महीनों में तेंदुए के हमलों की घटनाओं में वृद्धि हुई है

सोशल मीडिया पर इस घटना के कई वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसमें तेंदुए को गांव की दीवारों और गलियों के पास देखा जा सकता है। ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में तेंदुए की मौजूदगी की शिकायत पहले भी कई बार की जा चुकी है, लेकिन वन विभाग ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ा जाए ताकि किसी बड़ी अनहोनी को टाला जा सके।

उल्लेखनीय है कि मुरादाबाद जिले में पिछले कुछ महीनों में तेंदुए के हमलों की घटनाओं में वृद्धि हुई है, जिसमें कई लोग घायल भी हुए हैं। वन विभाग की टीम ने अब गाँव के आसपास गश्त तेज करने और पंजों के निशान के आधार पर सर्च ऑपरेशन चलाने का आश्वासन दिया है।


Related Stories
Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire