Moradabad: बिना परमिशन नुमाइश पर पुलिस का एक्शन, काम रुकवाया
मौके पर पहुंची पुलिस ने ठेकेदार से मेले की अनुमति मांगी, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका

मुरादाबाद वाईबीएन संवाददाता। मुरादाबाद में मैनाठेर नगर पंचायत के महमूदपुर माफी में बिना अनुमति लगाए जा रहे नुमाइश मेले की तैयारियां पुलिस ने रुकवा दी हैं। नगरवासियों की शिकायत के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ठेकेदार से मेले की अनुमति मांगी, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
महमूदपुर माफी चौकी इंचार्ज दीपक राणा ने ठेकेदार से अनुमति पत्र मांगा
दिसंबर माह में यहां पहली बार एक नुमाइश मेला लगाया गया था। दो महीने के भीतर ही दोबारा मेला लगाने की तैयारी शुरू होने पर नगर के लोगों ने इसका विरोध किया और पुलिस को शिकायत दर्ज कराई। शुक्रवार को पुलिस टीम मेला मैदान पहुंची। महमूदपुर माफी चौकी इंचार्ज दीपक राणा ने ठेकेदार से अनुमति पत्र मांगा। आवश्यक कागजात प्रस्तुत न कर पाने पर पुलिस ने तत्काल काम बंद करवा दिया और ठेकेदार को मैदान से सभी सामान हटाने की चेतावनी दी।
नगरवासियों का कहना है कि ईद से पहले दोबारा मेला लगाए जाने से गरीब और मजदूर परिवारों पर अनावश्यक खर्च का बोझ बढ़ेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति किसी भी स्थिति में मेला नहीं लगने दिया जाएगा।


