Moradabad: नोएडा के लिए रोडवेज बस सेवा बंद, यात्री हो रहे बेहाल
मुरादाबाद डिपो के सीनियर फोरमैन गजेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि लोड फैक्टर कम होने की वजह से फिलहाल संचालन रोका गया है

मुरादाबाद वाईबीएन संवाददाता। मुरादाबाद डिपो से नोएडा बस अड्डे के लिए शुरू की गई रोडवेज बस सेवा पिछले दो महीनों से बंद पड़ी है। पर्याप्त यात्री न मिलने के कारण विभाग ने यह निर्णय लिया है, जिससे नोएडा जाने वाले यात्रियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
घाटे के चलते विभाग ने कुछ ही दिन बस चलाकर इसे बंद कर दिया
मुरादाबाद बस अड्डे से नोएडा के लिए सीधी बस सेवा यात्रियों की सुविधा के लिए शुरू की गई थी। हालांकि, परिवहन विभाग के अनुसार, इस मार्ग पर यात्रियों की संख्या काफी कम रही, जिससे 'लोड फैक्टर' पूरा नहीं हो सका। घाटे के चलते विभाग ने कुछ ही दिन बस चलाकर इसे बंद कर दिया। सीधी बस सेवा न होने के कारण अब यात्रियों को मजबूरी में दिल्ली जाने वाली बसों का सहारा लेना पड़ रहा है। यात्रियों का कहना है कि दिल्ली वाली बसें उन्हें मुख्य मार्ग (हाईवे) पर ही उतार देती हैं, जहाँ से नोएडा के अंदरूनी हिस्सों तक जाने के लिए उन्हें काफी भटकना पड़ता है और अतिरिक्त पैसे खर्च करने पड़ते हैं।
मुरादाबाद डिपो के सीनियर फोरमैन गजेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि लोड फैक्टर कम होने की वजह से फिलहाल संचालन रोका गया है। राहत की बात यह है कि विभाग अब इस रूट पर ई-बसों के संचालन की तैयारी कर रहा है, जिससे यात्रियों को जल्द ही फिर से सीधी सेवा मिल सकेगी।


