Moradabad: तेज रफ्तार ट्रक ने नर्स को रौंदा, सहेली गंभीर घायल
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।

मुरादाबाद वाईबीएन संवाददाता। मुरादाबाद में आज सुबह रफ्तार का कहर देखने को मिला। गुलाब बाड़ी चुंगी के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने दो महिलाओं को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी साथी गंभीर रूप से घायल है। मृतका की पहचान एक निजी अस्पताल में कार्यरत नर्स के रूप में हुई है, जो अपनी सहेली के साथ डॉक्टर से दवा लेने मुरादाबाद आ रही थी।
दवा लेने आ रही थीं दोनों सहेलियां
जानकारी के अनुसार, रामपुर जिले के बिलासपुर तहसील अंतर्गत थाना खजूरिया क्षेत्र के गांव तहरी ख्वाजा निवासी महजबीन पुत्री रिफाकत हुसैन अपनी परिचित रुकसार के साथ बुधवार सुबह करीब 11 बजे मुरादाबाद आ रही थीं। महजबीन मुरादाबाद के ही एक निजी अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत थीं। वे दोनों मुरादाबाद में डॉक्टर वैभव गुप्ता से दवा लेने के लिए घर से निकली थीं।
पीछे से आए काल रूपी ट्रक ने रौंदा
जैसे ही दोनों महिलाएं मुरादाबाद के गुलाब बाड़ी चुंगी के पास पहुंचीं, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महजबीन सीधे ट्रक के पहिए के नीचे आ गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनकी साथी रुकसार भी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गईं।
मच गई अफरा-तफरी, चालक फरार
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया और घायल रुकसार को पास के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है, लेकिन चालक वाहन छोड़कर फरार होने में कामयाब रहा।
परिवार की जिम्मेदारी थी महजबीन पर
महजबीन अपने परिवार का बड़ा सहारा थीं। उनके परिवार में तीन भाई और छह बहनें हैं। इस हृदयविदारक घटना की खबर मिलते ही उनकी मां अनीस बेगम और पूरा परिवार सदमे में है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।


