Moradabad: रील के चक्कर में छात्रा ने छोड़ा घर, केस दर्ज
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और छात्रा की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं

मुरादाबाद वाईबीएन संवाददाता। मुरादाबाद में सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और पारिवारिक कलह का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मझोला थाना क्षेत्र में 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा अपनी मां द्वारा रील बनाने से मना किए जाने पर नाराज होकर घर छोड़कर चली गई है।
आहत होकर छात्रा बिना किसी को बताए घर से निकल गई
परिजनों के अनुसार, 17 वर्षीय छात्रा को रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने का शौक था। 14 मार्च को उसकी मां ने उसे रील बनाने से मना किया और पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह दी। इस बात से आहत होकर छात्रा बिना किसी को बताए घर से निकल गई। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका सुराग नहीं लगा, तो परिजनों ने पुलिस की शरण ली।
छात्रा की मां ने मझोला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने एक युवक पर अपनी बेटी को फुसलाकर साथ ले जाने का आरोप लगाया है। सीओ सिविल लाइंस कुलदीप गुप्ता ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और छात्रा की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।


