Moradabad: एटीएस के हत्थे चढ़ा ISIS के लिए भर्तियां करने वाला छात्र
आरोपी छात्र मुरादाबाद और आसपास के जिलों के युवाओं को कट्टरपंथी बनाकर आतंकी संगठन आईएसआईएस (ISIS) से जोड़ने का काम कर रहा था

मुरादाबाद वाईबीएन संवाददाता। मुरादाबाद में रहकर देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्त एक बीडीएस (BDS) छात्र को एटीएस (ATS) ने गिरफ्तार किया है। आरोपी छात्र मुरादाबाद और आसपास के जिलों के युवाओं को कट्टरपंथी बनाकर आतंकी संगठन आईएसआईएस (ISIS) से जोड़ने का काम कर रहा था।
हारिश की संदिग्ध गतिविधियों पर एटीएस पिछले कुछ समय से नजर रखे हुए थी
मुरादाबाद में रहकर पढ़ाई कर रहा बीडीएस का छात्र हारिश रविवार को एटीएस के हत्थे चढ़ गया। एटीएस की जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि हारिश मुरादाबाद के अलावा संभल, अमरोहा, बिजनौर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई अन्य जिलों के सैकड़ों युवाओं को देश के खिलाफ उकसा रहा था और उन्हें आतंकी संगठन से जोड़ रहा था।
जांच में यह भी सामने आया है कि पिछले दो वर्षों के दौरान हारिश कई बार जम्मू-कश्मीर भी गया था, जिसकी जानकारी अब एटीएस को मिली है। सहारनपुर के मोहल्ला मानक मऊ के रहने वाले रियासत हुसैन ने जून 2024 में अपने बेटे हारिश का दाखिला मुरादाबाद के एक कॉलेज में कराया था। शुरुआत में वह कॉलेज के हॉस्टल में रहा, लेकिन बाद में उसने बाहर किराए पर कमरा ले लिया।
हारिश की संदिग्ध गतिविधियों पर एटीएस पिछले कुछ समय से नजर रखे हुए थी। वह कॉलेज में अन्य छात्रों से कम बात करता था और ज्यादातर समय अपने मोबाइल और लैपटॉप पर व्यस्त रहता था। उसने सोशल मीडिया पर 'अल इत्तिहाद मीडिया फाउंडेशन' नाम से एक अलग ग्रुप बनाया था। वह उन यूजर्स की पहचान करता था जो देश और सरकार के खिलाफ कमेंट करते थे, फिर उन्हें ऑनलाइन अपने साथ जोड़कर आईएस (ISIS) की प्रचार-सामग्री और निर्देश साझा करता था।
फिलहाल एटीएस हारिश के संपर्क में रहने वाले अन्य लोगों और उसके नेटवर्क की गहराई से पूछताछ कर रही है।


