Moradabad: मोबाइल छीनने वाले दो शातिर सगे भाई गिरफ्तार, चाकू बरामद
पुलिस ने कानूनी कार्यवाही पूरी कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है

मुरादाबाद वाईबीएन संवाददाता। मुरादाबाद की गलशहीद थाना पुलिस ने मोबाइल छीनने की घटना का सफल अनावरण करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सैमसंग का स्मार्टफोन और एक अवैध चाकू भी बरामद किया है।
पीड़ित ने 08 जनवरी 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी
मुरादाबाद के थाना गलशहीद क्षेत्र में अपराधों पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिजनौर निवासी कोशिन्दर सिंह ने 08 जनवरी 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाशों ने उनका मोबाइल छीन लिया है। इस मामले में पुलिस ने धारा 303(2) BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
उपनिरीक्षक प्रवेन्द्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच को आगे बढ़ाते हुए 18 मार्च 2026 को दो सगे भाइयों, आसिफ और राजू पुत्र असलम को गिरफ्तार किया। आरोपी असालतपुरा, मुरादाबाद के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सैमसंग गैलेक्सी F55 5G (संतरी रंग) मोबाइल और एक अवैध चाकू बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) BNS और 4/25 आर्म्स एक्ट की वृद्धि की गई है। पुलिस ने कानूनी कार्यवाही पूरी कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।


