Moradabad: मस्जिद से लौट रहे युवकों पर हमला, 22 नामजद पर मुकदमा
आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे गांव के कुछ लोगों ने गाली-गलौज करते हुए हमला बोल दिया

मुरादाबाद वाईबीएन संवाददाता। मुरादाबाद में मैनाठेर थाना क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर हमीर में जुमे की नमाज पढ़कर लौट रहे युवकों पर लाठी-डंडों, ईंट-पत्थरों और लोहे की रॉड से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर 22 नामजद और 5 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए
जानकारी के मुताबिक 13 मार्च को दोपहर करीब 1:30 बजे नजाकत पुत्र अकबर अपने साथियों वसीम, जुनैद और मो. कैफ के साथ मस्जिद से नमाज पढ़कर घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे गांव के कुछ लोगों ने गाली-गलौज करते हुए हमला बोल दिया। हमले में नजाकत, वसीम, जुनैद और मो. कैफ घायल हो गए। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह बीच-बचाव कर घायलों को बचाया। बताया गया कि हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने मामले में 22 नामजद व 5 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच उपनिरीक्षक वीरेंद्र सिंह को सौंपी गई है।


