दिल्ली-एनसीआर : बरसात का दौरा जारी, तापमान में आई गिरावट, एक्यूआई भी ग्रीन और येलो जोन में पहुंचा
मौसम विभाग के अनुसार आज अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बारिश देखने को मिली।

नोएडा, आईएएनएस। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली एनसीआर में मौसम ने बीते दो दिनों की तरह आज भी अपना रुख बरकरार रखा है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार क्षेत्र में बादल छाए रहेंगे और दिनभर हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।मौसम विभाग ने बताया कि 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं कभी-कभी 50 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार आज अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बारिश देखने को मिली।
अलग-अलग चरणों में बारिश
आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक सुबह, दोपहर, शाम और रात—चारों समय में अलग-अलग चरणों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं वायु गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण आंकड़ों के अनुसार एनसीआर के अधिकांश इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) अब ग्रीन और येलो जोन में पहुंच गया है। अलीपुर में एक्यूआई 91, आया नगर में 90 और कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 96 दर्ज किया गया, जो ग्रीन श्रेणी में आता है।
आनंद विहार में एक्यूआई 178
वहीं आनंद विहार में एक्यूआई 178, बवाना में 122, चांदनी चौक में 116 और कैंटोनमेंट एरिया में 124 दर्ज किया गया, जो येलो (मध्यम) श्रेणी में शामिल है। हालांकि बुराड़ी क्षेत्र में एक्यूआई 366 रिकॉर्ड किया गया, जो रेड जोन में आता है और वहां प्रदूषण का स्तर अभी भी गंभीर बना हुआ है। नोएडा के सेक्टर-125 में एक्यूआई 111, सेक्टर-62 में 103, सेक्टर-1 में 150 और सेक्टर-116 में 117 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में है। वहीं गाजियाबाद के इंदिरापुरम में एक्यूआई 146, लोनी में 173, संजय नगर में 126 और वसुंधरा में 142 दर्ज किया गया, जो येलो जोन में आता है।
23 मार्च से 25 मार्च तक मौसम साफ रहेगा
मौसम विभाग के 7 दिन के पूर्वानुमान के अनुसार, 20 मार्च को बादल छाए रहने के साथ एक-दो बार बारिश और गरज-चमक की संभावना है। 21 और 22 मार्च को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा, जबकि 23 मार्च से 25 मार्च तक मौसम साफ रहने और धूप खिलने की संभावना जताई गई है। इन दिनों अधिकतम तापमान धीरे-धीरे बढ़कर 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि तेज हवाओं और बारिश के कारण प्रदूषण में गिरावट आई है, जिससे लोगों को राहत मिली है। हालांकि, तेज हवा और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों से दूर रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।


