Top
Begin typing your search above and press return to search.

गौतमबुद्धनगर में बोगस फर्मों पर एक्शन,करोड़ों रुपए की टैक्स चोरी का खुलासा, 9 गिरफ्तार

जांच में सामने आया कि इन फर्मों ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर धोखाधड़ी से जीएसटी पंजीकरण प्राप्त किया था, जिसका उद्देश्य कर चोरी करना था।

गौतमबुद्धनगर में बोगस फर्मों पर एक्शन,करोड़ों रुपए की टैक्स चोरी का खुलासा, 9 गिरफ्तार
X

गौतमबुद्धनगर,आईएएनएस। गौतमबुद्धनगर में राज्य कर विभाग ने बोगस (फर्जी) फर्मों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए टैक्स चोरी के एक संगठित नेटवर्क का खुलासा किया है। उपायुक्त (प्रशासन) राज्य कर, के अनुसार, विभाग द्वारा चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान बड़ी संख्या में फर्जी कंपनियों का पर्दाफाश हुआ है, जो केवल कागजों पर संचालित होकर सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचा रही थीं।अधिकारियों ने बताया कि राज्य कर विभाग, गौतमबुद्धनगर जोन नोएडा द्वारा पंजीकृत फर्मों की गहन जांच और भौतिक सत्यापन (रेकी) के दौरान राज्य क्षेत्राधिकार के अंतर्गत पंजीकृत 20 फर्म और केंद्रीय क्षेत्राधिकार के तहत पंजीकृत 60 फर्म पूरी तरह से बोगस या अस्तित्वहीन पाई गईं। जांच में सामने आया कि इन फर्मों ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर धोखाधड़ी से जीएसटी पंजीकरण प्राप्त किया था, जिसका उद्देश्य कर चोरी करना था।

सभी फर्मों के पंजीकरण निरस्त

विभाग ने तत्काल प्रभाव से इन सभी फर्मों के पंजीकरण निरस्त कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि इन फर्जी फर्मों ने करीब 1027 अन्य फर्मों को लगभग 637 करोड़ रुपए की इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) पास की। इसमें से 455 फर्म उत्तर प्रदेश में और 574 अन्य राज्यों में पंजीकृत हैं।

78.27 करोड़ रुपए की आईटीसी ब्लॉक

इस घोटाले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने अब तक 78.27 करोड़ रुपए की आईटीसी ब्लॉक कर दी है। इसके अलावा, विभाग ने इन फर्मों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 1788.99 करोड़ रुपए की कर मांग सृजित की है। बोगस फर्मों की चेन एनालिसिस के माध्यम से वास्तविक लाभार्थियों की पहचान कर उनके संबंधित कर निर्धारण अधिकारियों को सूचित किया गया है। इस प्रक्रिया में अब तक 162.89 करोड़ रुपए की अतिरिक्त मांग भी उत्पन्न की गई है।

अब तक 9 व्यक्तियों की गिरफ्तारी

उपायुक्त ने बताया कि शासन की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत इस प्रकार के करापवंचन मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है। फर्जी फर्मों के पीछे सक्रिय मास्टरमाइंड्स की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। सभी मामलों में संबंधित पुलिस थानों में एफआईआर दर्ज कराई गई है। इस कार्रवाई के क्रम में अब तक 9 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अधिकारियों का कहना है कि आगे भी जांच जारी रहेगी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को चिन्हित कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Mukesh Pandit

Mukesh Pandit

पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 1989 में अमर उजाला से रिपोर्टिंग से करने वाले मुकेश पंडित का जनसरोकार और वास्तविकत पत्रकारिता का सफर सतत जारी है। उन्होंने अमर उजाला, विश्व मानव, हरिभूमि, एनबीटी एवं दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक अपनी सेवाएं दीं हैं। समाचार लेखन, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग में निपुणता के साथ-साथ उन्होंने समय के साथ डिजिटल और सोशल मीडिया को भी बख़ूबी अपनाया है। करीब 35 वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ मुकेश पंडित आज भी पत्रकारिता में सक्रिय हैं और जनहित, राष्ट्रहित और समाज की सच्ची आवाज़ बनने के मिशन पर अग्रसर हैं।

Related Stories
Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire