Top
Begin typing your search above and press return to search.

शाहजहांपुर में कामर्शियल गैस सिलेंडर पर रोक, लोग घबराकर लेने पहुंचे

शाहजहांपुर में कमर्शियल गैस सिलेंडर की बिक्री पर अस्थायी रोक, अफवाह से बढ़ी भीड़; एजेंसी संचालक बोले—एक साल से गैस नहीं लेने वाले भी सिलेंडर लेने पहुंच रहे

शाहजहांपुर में कामर्शियल गैस सिलेंडर पर रोक, लोग घबराकर लेने पहुंचे
X

शाहजहांपुर, वाईबीएन संवाददाता। जिले में कामर्शियल गैस सिलेंडरों की बिक्री पर अस्थायी रोक लगाए जाने के बाद कुछ उपभोक्ताओं में भ्रम की स्थिति बन गई है। हालांकि गैस एजेंसी स्वामियों का कहना है कि घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

गैस एजेंसी संचालकों के अनुसार, अफवाहों के चलते ऐसे उपभोक्ता भी सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं जिन्होंने पिछले एक साल से गैस नहीं ली थी। इससे अनावश्यक भीड़ और दबाव की स्थिति बन रही है।


घरेलू उपभोक्ताओं को दी जा रही प्राथमिकता

श्री गुरु कृपा एचपी गैस एजेंसी के प्रोपराइटर रोहित आनंद ने बताया कि फिलहाल मंत्रालय के निर्देश के अनुसार घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी वजह से कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति कुछ दिनों के लिए रोकी गई है।

उन्होंने बताया कि पहले घरेलू गैस सिलेंडर 15 से 21 दिनों के भीतर मिल जाते थे, लेकिन अब बुकिंग के बाद लगभग 25 दिन का समय लग रहा है। इसके बावजूद एजेंसी की ओर से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की कोई कमी न हो।

जिले में हजारों घरेलू उपभोक्ता

जिले में भारत गैस, इंडेन गैस और एचपी गैस के सिलेंडर उपयोग किए जाते हैं। एचपी गैस के ही लगभग 16 हजार से अधिक घरेलू उपभोक्ता और करीब 60 कमर्शियल उपभोक्ता हैं। एजेंसी संचालकों का कहना है कि घरेलू उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने के लिए पूरी व्यवस्था की जा रही है।

रोहित आनंद ने बताया कि गैस बुकिंग के बाद उपभोक्ता के मोबाइल नंबर पर एक कोड भेजा जाता है, जिसे डीएसी कोड कहा जाता है। यह कोड मिलने के बाद ही सिलेंडर की डिलीवरी की जाती है। जिन उपभोक्ताओं के पास वैध गैस कनेक्शन है, उन्हें बुकिंग के बाद तुरंत डिलीवरी दी जा रही है।


अफवाहों के कारण बढ़ी भीड़

एजेंसी संचालक ने बताया कि कई उपभोक्ता ऐसे भी हैं जिन्होंने लंबे समय से गैस नहीं ली थी, लेकिन जब यह बात फैली कि सिलेंडर मिलने में समस्या हो सकती है, तो वे भी सिलेंडर भरवाने पहुंच गए। इससे अनावश्यक दबाव बन रहा है।


उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि घबराकर अतिरिक्त सिलेंडर भरवाने की कोशिश न करें। समय आने पर ही गैस बुकिंग कराएं ताकि सभी उपभोक्ताओं को आसानी से सिलेंडर मिल सके।


वहीं जिला पूर्ति अधिकारी चमन सिंह ने बताया कि गैस आपूर्ति को लेकर उन्हें लखनऊ से फिलहाल कोई नया निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है। संभव है कि गैस कंपनियों की ओर से ही कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति पर अस्थायी रोक लगाई गई हो।

उन्होंने कहा कि यदि शासन स्तर से कोई निर्देश जारी होते हैं तो उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जिले में घरेलू उपभोक्ताओं के लिए गैस की उपलब्धता सामान्य है।


Related Stories
Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire