साप्ताहिक परेड में SP ने ली सलामी पुलिस लाइन का किया निरीक्षण
शाहजहांपुर पुलिस लाइन में साप्ताहिक शुक्रवार परेड के दौरान SP ने सलामी लेकर निरीक्षण किया। जवानों के साथ दौड़ लगाकर फिटनेस का संदेश दिया व्यवस्थाओं की जांच की।
शाहजहांपुर, वाईबीएन संवाददाताः पुलिस लाइन में शुक्रवार को आयोजित साप्ताहिक परेड के दौरान पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने सलामी लेकर परेड का निरीक्षण किया। इस अवसर पर पुलिस बल की अनुशासनात्मक व्यवस्था, वर्दी की साज-सज्जा, टर्नआउट और शारीरिक दक्षता का बारीकी से परीक्षण किया गया। पुलिस अधीक्षक ने परेड में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
परेड का निरीक्षण कर परखा पुलिस बल का अनुशासन
साप्ताहिक शुक्रवार परेड के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों की वर्दी, चाल-ढाल और परेड की अनुशासनात्मक व्यवस्था को ध्यानपूर्वक देखा। उन्होंने कहा कि पुलिस की पहचान उसके अनुशासन और कार्यकुशलता से होती है, इसलिए सभी पुलिसकर्मी अपने व्यवहार और कार्यशैली में अनुशासन बनाए रखें। साथ ही उन्होंने ड्यूटी के दौरान सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
पुलिसकर्मियों के साथ दौड़ लगाकर दिया फिटनेस का संदेश
परेड समाप्त होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों के साथ दौड़ लगाकर शारीरिक फिटनेस का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा में शारीरिक रूप से स्वस्थ और फिट रहना अत्यंत आवश्यक है। नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर ही पुलिसकर्मी अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकते हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रतिदिन व्यायाम करने और फिट रहने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस लाइन परिसर का किया निरीक्षण
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आरटीसी बैरक, पुलिस मैस तथा पीआरवी वाहनों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आरटीसी बैरक में साफ-सफाई, अनुशासन और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि बैरकों में रहने वाले पुलिसकर्मियों को स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण मिलना चाहिए।
पुलिस मैस में भोजन की गुणवत्ता पर दिया विशेष ध्यान
पुलिस मैस का निरीक्षण करते हुए पुलिस अधीक्षक ने भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता की व्यवस्था को देखा। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिया कि भोजन की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए और मैस परिसर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और पौष्टिक भोजन पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है।
पीआरवी वाहनों और उपकरणों की जांच
निरीक्षण के दौरान पीआरवी वाहनों और उनमें लगे उपकरणों की कार्यशीलता की भी जांच की गई। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि सभी वाहन और उपकरण पूरी तरह से दुरुस्त हालत में रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। उन्होंने संबंधित कर्मियों को वाहनों की नियमित जांच और रखरखाव सुनिश्चित करने के लिए कहा।
अभिलेखों और रजिस्टरों का भी किया निरीक्षण
त्पश्चात पुलिस अधीक्षक ने आर्दली रूम में विभिन्न शाखाओं के अभिलेखों और रजिस्टरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव और कार्यों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालयी कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी लाइन, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।




