Top
Begin typing your search above and press return to search.

सड़क पर घायल बच्चे को अस्पताल पहुंचा मानवता की मिसाल बने अजय प्रताप

अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल 9 वर्षीय हसनैन को अपनी कार से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, लखनऊ रेफर करने पर जताई नाराजगी, पहले भी कई बार कर चुके हैं जरूरतमंदों की मदद।

X

शाहजहांपुर, वाईबीएन संवाददाता : गुरुवार शाम मानवता की एक मार्मिक मिसाल देखने को मिली। जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव के पति व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तथा युवा भाजपा नेता अजय प्रताप सिंह यादव ने सड़क पर घायल पड़े एक मासूम बच्चे की मदद कर उसे अस्पताल पहुंचाया और इलाज शुरू कराया।

जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम अजय प्रताप सिंह यादव सुभाषनगर से रिंग रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई और हालात की जानकारी ली।

पूछताछ में पता चला कि घायल हसनैन (9 वर्ष) पुत्र आदिल, निवासी सुभाष नगर है। बताया गया कि शाम करीब 7 बजे वह अपने पिता के साथ ठेली वापस कर पैदल घर जा रहा था, तभी रास्ते में एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में बच्चे को गंभीर चोटें आईं।

स्थिति को देखते हुए अजय प्रताप सिंह यादव ने बिना देर किए घायल हसनैन को अपनी कार से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया और भर्ती कराया। अस्पताल में इलाज के दौरान जब डॉक्टरों द्वारा बच्चे को लखनऊ रेफर करने का दबाव बनाया गया, तो उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि जो परिवार किराए की ठेली लगाकर दो वक्त की रोटी कमाता है, वह लखनऊ में इलाज का खर्च कैसे उठा पाएगा।

इसके बाद उन्होंने डॉ. सरोज कुमार से फोन पर बात की, जिसके बाद बच्चे का उपचार मेडिकल कॉलेज में ही शुरू कर दिया गया।

स्थानीय लोगों के बीच अजय प्रताप सिंह यादव के इस मानवीय कार्य की काफी चर्चा हो रही है। लोगों का कहना है कि उन्होंने समय पर मदद कर एक मासूम की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।

बताया जाता है कि अजय प्रताप सिंह यादव पहले भी कई बार सड़क हादसों या जरूरतमंद लोगों की मदद कर मानवता की मिसाल पेश कर चुके हैं, जिससे समाज में उनके इस संवेदनशील व्यवहार की सराहना होती रही है।


Related Stories
Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire