Top
Begin typing your search above and press return to search.

ध्यान से सहनशक्ति और सही समझ विकसित होती है: दाजी

- बसंत उत्सव के चौथे चरण के तीसरे दिन हजारों साधकों ने की सामूहिक ध्यान साधना, केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद व महापौर अर्चना वर्मा ने की मुलाकात

शाहजहांपुर, वाईबीएन संवाददाता। श्री रामचंद्र मिशन आश्रम में आयोजित बसंत उत्सव–2026 के चौथे चरण के तीसरे दिन पूज्य कमलेश डी. पटेल ‘दाजी’ के सान्निध्य में कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक ध्यान साधना से हुआ। देश-विदेश से आए हजारों अभ्यासियों ने एकात्म भाव से ध्यान करते हुए मानव कल्याण और विश्व शांति की कामना की।

मिशन की स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने और आदि गुरु लालाजी महाराज की 153वीं जयंती के अवसर पर आयोजित इस उत्सव में दाजी ने साधकों को प्रेम, करुणा और सेवा की भावना विकसित करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ध्यान वह माध्यम है, जिसके द्वारा मनुष्य अंतिम प्रज्ञा तक पहुंच सकता है। प्रतिदिन ध्यान करने, ईर्ष्या त्यागने और हृदय को दिव्य प्रेम से भरने का आह्वान करते हुए उन्होंने बताया कि ध्यान से सहनशक्ति और सही समझ विकसित होती है।

आज के ध्यान सत्र में ददरौल, कांट, भावलखेड़ा और सिंधौली विकासखंडों के 100 से अधिक ग्राम प्रधानों ने भी भाग लेकर ध्यान साधना की। आयोजन को सफल बनाने में मिशन के अनेक पदाधिकारियों और अभ्यासियों का योगदान रहा।


केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद और महापौर अर्चना वर्मा ने दाजी से की मुलाकात





बसंत उत्सव के दौरान शहर के गणमान्य लोगों का आश्रम आगमन जारी है। प्रदेश सरकार के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना और पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री स्वामी चिन्मयानंद के बाद केंद्रीय मंत्री एवं पीलीभीत सांसद जितिन प्रसाद आश्रम पहुंचे। उन्होंने दाजी से मुलाकात कर मिशन की गतिविधियों की जानकारी ली। इस अवसर पर दाजी ने शाहजहांपुर आश्रम की 50 वर्षों की यात्रा का फोटो संकलन उन्हें भेंट किया।

नगर निगम की महापौर अर्चना वर्मा ने भी आश्रम पहुंचकर दाजी के सान्निध्य में सामूहिक ध्यान साधना की। आश्रम परिसर में उनका स्वागत किया गया।



Related Stories
Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire