Top
Begin typing your search above and press return to search.

सीईओ मनोज सिंह ने गंगा एक्सप्रेसवे का निरीक्षण किया

- सीईओ बोले गंगा एक्सप्रेसवे बनकर तैयार, सीएम की हरी झंडी का इंतजार; जलालाबाद में हवाई पट्टी, रेस्ट रूम और सुरक्षा दीवार के कार्य का निरीक्षण।

शाहजहांपुर, वाईबीएन संवाददाता। मेरठ से प्रयागराज तक बनने वाला गंगा एक्सप्रेसवे जल्द ही जनपदवासियों को बड़ी सौगात देने जा रहा है। रविवार को स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के सीईओ और प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने शाहजहांपुर के जलालाबाद तहसील क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने एक्सप्रेसवे पर निर्मित हवाई पट्टी, रेस्ट रूम भवन और शौचालयों की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके अलावा एक्सप्रेसवे के किनारे बने रेस्ट रूम परिसर में पौधारोपण भी किया और पार्किंग क्षेत्र तथा दुकानों की व्यवस्थाएं भी देखीं।

सीईओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे लगभग बनकर तैयार हो चुका है। फिलहाल हाईवे के किनारे सुरक्षा दीवार बनाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के लिए अब केवल मुख्यमंत्री की हरी झंडी का इंतजार है और अनुमान है कि एक से दो महीने के भीतर इसे आम जनता के लिए शुरू कर दिया जाएगा।

इस दौरान एडीएम वित्त अरविंद कुमार, नायब तहसीलदार अनुराग दुबे, तहसील प्रशासन के अधिकारी और यूपीईडा के कार्मिक मौजूद रहे।

साइड स्टोरी : गंगा एक्सप्रेसवे से प्रदेश के विकास को नई रफ्तार


गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक है। यह एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज तक लगभग 600 किलोमीटर की दूरी को जोड़ेगा और प्रदेश के 12 जिलों से होकर गुजरेगा।

इस एक्सप्रेसवे के मध्य में शाहजहांपुर जिले में विशेष हवाई पट्टी का निर्माण किया गया है। यहां पहले ही लड़ाकू विमानों की सफल लैंडिंग हो चुकी है। इसके साथ ही यहां हवाई जहाज और हेलीकॉप्टर की लैंडिंग की भी व्यवस्था की गई है, जिससे आपातकालीन और सैन्य जरूरतों में इसका उपयोग किया जा सकेगा।

गंगा एक्सप्रेसवे बनने से पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी और व्यापार, उद्योग तथा परिवहन को नई गति मिलेगी।

शाहजहांपुर के गुलडिया गांव के पास एक इंडस्ट्रियल कॉरिडोर भी प्रस्तावित है। एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के बाद इस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के विकास को भी गति मिलने की संभावना है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और निवेश के अवसर बढ़ेंगे।


Related Stories
Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire