लीड कॉन्वेंट के वार्षिकोत्सव को रंगारंग प्रस्तुति से उडान
- अटल बिहारी वाजपेई ऑडिटोरियम में हुआ भव्य आयोजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, विद्यार्थियों व शिक्षकों को मिले सम्मान
शाहजहांपुर, वाईबीएन संवाददाताः लीड कांवेंट स्कूल का 20वां वार्षिकोत्सव ‘उड़ान (द विंग्स ऑफ लीड)’ शनिवार को अटल बिहारी वाजपेयी आडीटोरियम में भव्य और रंगारंग अंदाज में संपन्न हुआ। आकर्षक ढंग से सजे प्रेक्षागृह में विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने अभिभावकों और अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कटिहार रहे। विशिष्ट अतिथि जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष डीपीएस राठौर, भाजपा की महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, एडीएम एफआर अरविंद कुमार सिंह, व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष सचिन बाथम, कवि इंदु अजनबी आदि उपस्थित रहे।
विद्यालय की परंपरा के अनुसार सर्वप्रथम अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। प्रधानाचार्या तराना जमाल एवं निदेशक मोहम्मद जमाल की उपस्थिति में चारों धर्मों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कक्षा चार की छात्राओं ने गणेश वंदना प्रस्तुति की। कक्षा दो के बच्चों ने स्वागत गीत गाया। प्री-नर्सरी के नन्हे मुन्ने बच्चों ने नृत्य प्रस्तुत किया।इस दौरान बच्चों ने महिला सशक्तिकरण पर केंद्रित बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ तथा पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण नाटय देशभक्ति और सामाजिक सरोकारों पर आधारित नृत्य-नाटिकाओं को प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। इस दौरान शिव तांडव, पंजाबी डांस, कव्वाली, क्लासिकल डांस और रैंप वॉक विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इस दौरान प्रधानाचार्या तराना जमाल ने विद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की शैक्षिक एवं सहशैक्षिक उपलब्धियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को लीड शाइनिंग स्टार अवार्ड, ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। शिक्षिकाओं को बेस्ट टीचर, शत-प्रतिशत उपस्थिति, क्लास ऑफ द ईयर एवं बेस्ट सपोर्टिंग टीचर सहित विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी ग्रीन हाउस को प्रदान की गई।
समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावक, समाजसेवी, शिक्षाविद एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में निदेशक मोहम्मद जमाल ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।








