Top
Begin typing your search above and press return to search.

पैरामेडिकल छात्रों का चार दिवसीय ‘प्रीमोडियल’ स्पोर्ट्स फेस्ट शुरू

स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राजेश कुमार ने किया उद्घाटन, खेलों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिखा उत्साह

शाहजहांपुर, वाईबीएन संवाददाता : स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय सोसायटी, शाहजहांपुर के जिग्नेरा परिसर स्थित पंडित राम प्रसाद बिस्मिल पैरामेडीकल इंस्टीट्यूट में स्वास्थ्य एवं देखभाल पाठ्यक्रम (बैच 2025) के छात्र-छात्राओं द्वारा आयोजित चार दिवसीय स्पोर्ट्स फेस्ट ‘प्रीमोडियल’ का सोमवार को शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधानाचार्य डॉ. राजेश कुमार ने किया।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सरोज कुमार, वित्त नियंत्रक दीपक रस्तोगी, डॉ. नीरा गोयल, डीन डॉ. विशाल प्रकाश गिरि, डॉ. राणा प्रताप, डॉ. अमित सक्सेना, डॉ. जय प्रकाश सिंह, डॉ. मनीष, डॉ. विभोर जैन, डॉ. किरण, डॉ. रिशु, डॉ. शगुन सहित अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे। दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ तथा छात्राओं ने मां सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।

प्रधानाचार्य डा राजेश कुमार ने अपने संबोधन में छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया और आयोजकों को बधाई दी। वित्त नियंत्रक दीपक रस्तोगी तथा सामुदायिक चिकित्सा विभाग के डॉ. जे.पी. सिंह ने भी छात्रों का उत्साहवर्धन किया।

इसके बाद मेडिकल कॉलेज ग्राउंड में अधिकारियों एवं छात्रों की उपस्थिति में प्रधानाचार्य ने प्रतिभागियों को टी-शर्ट व अल्पाहार वितरित करते हुए फीता काटकर खेल प्रतियोगिताओं का औपचारिक उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम गाया।

कार्यक्रम का संचालन सीनियर रेजिडेंट डॉ. आकाश पटेल व डॉ. कृष्ण सिंह के मार्गदर्शन तथा जूनियर रेजिडेंट डॉ. सुशीला व डॉ. शिवानी की देखरेख में छात्रों ने किया। परिसर में आकर्षक रंगोली और सेल्फी स्टैंड भी बनाए गए।

पहले दिन 100 मीटर दौड़, रस्साकशी, कैरम, शतरंज और वॉलीबॉल सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। आयोजन में लिपिक अभय, वार्ड बॉय सौरभ और अमन का विशेष सहयोग रहा।



Related Stories
Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire