टीचर्स प्रीमियर लीग (TPL 2026) का शुभारंभ, कटरा ने बंडा को हराया
- पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और बीएसए ने खिलाड़ियों से परिचय व बैटिंग कर किया उद्घाटन
शाहजहांपुर, वाईबीएन संवाददाता। बेसिक शिक्षा परिषद के शिक्षकों ने खेल को बढावा देने के लिए अनुकरणीय व सराहनीय पहल की है। रविवार को जलालाबाद विकास खंड के शिक्षक अमित कुमार तथा टीम की ओर से टीचर्स प्रीमियर लीग (TPL 2026) क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। उद्घाटन पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र पाल सिंह यादव एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) दिव्या गुप्ता ने खिलाड़ियों से परिचय तथा बैटिग से किया।
उद्घाटन अवसर पर पूर्व एआरपी अमित कुमार प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष यशपाल सिंह एवं अरविंद सिंह ने बुके भेंट कर अतिथि द्वय का स्वागत किया। इसके बाद आयोजक अमित कुमार (पूर्व एआरपी, जलालाबाद) ने सभी टीमों के खिलाड़ियों का परिचय मुख्य अतिथियों से कराया।
बंडा ने टॉस जीतकर बनाए 172 रन
उद्घाटन मैच में बंडा टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 ओवर के निर्धारित मैच में 172 रन बनाए। बंडा की ओर से लोकेंद्र ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 56 रन बनाए, जबकि पंकज ने 30 रनों का योगदान दिया। कटरा टीम की ओर से गेंदबाजी में तौकीर और आयेंद्र ने दो-दो विकेट प्राप्त किए।
कटरा ने चार विकेट शेष रहते लक्ष्य किया हासिल
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कटरा टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चार विकेट खोकर निर्धारित लक्ष्य हासिल कर लिया। कटरा की ओर से केसरी ने 60 रन और दीपक शर्मा ने 55 रन की शानदार पारी खेली। बंडा टीम की ओर से निरंकार ने एक विकेट प्राप्त किया।
दीपक शर्मा बने मैन ऑफ द मैच
शानदार बल्लेबाजी और मैच जिताऊ प्रदर्शन के लिए दीपक शर्मा को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। खेल में जलालाबाद, कटरा के शिक्षकों का सहयोग रहा। खास बात यह रही की बीएसए दिव्या गुप्ता ने भी बैटिंग कर शिक्षकों की पहल को प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर बडी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।






