अजीत अगरकर को क्या चयन समिति प्रमुख पद पर बीसीसीआई देगा एक और मौका?
अजीत अगरकर ने भारतीय क्रिकेट टीम के टी20 विश्व कप 2026 जीतने के बाद बीसीसीआई से मुख्य चयनकर्ता के रूप में अपना कार्यकाल बढ़ाने के लिए संपर्क किया था।

नई दिल्ली, आईएएनएस। भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने बीसीसीआई से अपना कार्यकाल बढ़ाने की मांग की है। अगरकर अपना कार्यकाल वनडे विश्व कप 2027 तक बढ़वाना चाहते हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक, अजीत अगरकर ने भारतीय क्रिकेट टीम के टी20 विश्व कप 2026 जीतने के बाद बीसीसीआई से मुख्य चयनकर्ता के रूप में अपना कार्यकाल बढ़ाने के लिए संपर्क किया है। अगरकर 2027 वनडे विश्व कप तक इस पद पर बने रहना चाहते हैं।
अगरकर के अनुरोध पर विचार कर रहा बीसीसीआई
रिपोर्ट के मुताबिक बीसीसीआई फिलहाल अगरकर के अनुरोध पर विचार कर रहा है। मुख्य चयनकर्ता के रूप में अजीत अगरकर की जगह लेने के लिए एक पूर्व भारतीय क्रिकेटर का नाम भी चर्चा में है, लेकिन फिलहाल इस पर कोई निर्णय बोर्ड की तरफ से नहीं लिया गया है। अजीत अगरकर जून 2023 में चयन समिति के प्रमुख बने थे। एक एक्सटेंशन के बाद उनका कार्यकाल जून 2026 तक है। मुख्य चयनकर्ता के रूप में अगरकर का कार्यकाल बेहद सफल रहा है। उनके कार्यकाल में भारत ने दो टी20 विश्व कप और एक चैंपियंस ट्रॉफी जीती है। 2023 और 2025 का एशिया कप भी भारत ने जीता है।
टेस्ट क्रिकेट में उम्मीद के विपरीत परिणाम
हालांकि, टेस्ट क्रिकेट में उम्मीद के विपरीत परिणाम मिले हैं। भारतीय टीम पिछली बार बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के फाइनल में जगह बनाने से चूक गई। न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज में क्लिन स्विप भारतीय टीम को झेलना पड़ा। रोहित, विराट ने टेस्ट से तो अश्विन जैसे दिग्गज ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट को अचानक अलविदा कह दिया था। इसकी वजह चयन समिति की तरफ से टेस्ट क्रिकेट में उनके भविष्य की अनिश्चितता को माना गया था।
सीमित ओवरों की क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन
अजीत अगरकर के मुख्य चयनकर्ता रहते भारतीय टीम ने सीमित ओवरों की क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है और आईसीसी, एसीसी प्रतियोगिताओं में अपना दबदबा बनाया है। इसके आधार पर बीसीसीआई अगरकर के कार्यकाल को बढ़ावा देता है या नहीं, इस पर तस्वीर कुछ दिनों में स्पष्ट हो जाएगी।


