Top
Begin typing your search above and press return to search.

IPL 2026: नी एंजरी के कारण तेज गेंदबाज हर्षित राणा आईपीएल के अधिकतर मैचों से रहेंगे बाहर

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने अभी तक उनकी वापसी के लिए कोई समयसीमा तय नहीं की है। राणा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत के टी20 विश्व कप के अभ्यास मैच के दौरान चोटिल हो गए थे।

IPL 2026: नी एंजरी के कारण तेज गेंदबाज हर्षित राणा आईपीएल के अधिकतर मैचों से रहेंगे बाहर
X

कोलकाता, वाईबीएन डेस्क। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR)के तेज गेंदबाज हर्षित राणा पिछले महीने हुई घुटने की सर्जरी से उबर रहे हैं और वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अधिकतर मैचों से बाहर रह सकते हैं। ईएसपीएनक्रिकइंफो की एक रिपोर्ट के अनुसार भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने अभी तक उनकी वापसी के लिए कोई समयसीमा तय नहीं की है। राणा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत के टी20 विश्व कप के अभ्यास मैच के दौरान चोटिल हो गए थे।

वापसी के लिए कोई निश्चित तारीख तय नहीं

वह अभी रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं और बीसीसीआई की चिकित्सा टीम ने उनकी वापसी के लिए कोई निश्चित तारीख तय नहीं की है। उस अभ्यास मैच में एक ओवर फेंकने के बाद राणा को चोट लग गई थी। उन्हें इसके लिए सर्जरी करानी पड़ी जिससे वह टी20 विश्व कप में नहीं खेल पाए थे। उनकी जगह मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल किया गया, जिन्होंने इस टूर्नामेंट का केवल एक मैच (अमेरिका के खिलाफ) खेला था। राणा ने रविवार को बीसीसीआई नमन पुरस्कार समारोह में सर्वश्रेष्ठ उदीयमान अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी का पुरस्कार हासिल किया था।

केके आरके कई खिलाड़ी फिटनेस की समस्या सेजूझ रहे

राणा की अनुपस्थिति तीन बार की आईपीएल चैंपियन केकेआर के लिए एक बड़ा झटका साबित होगी, जो पहले से ही कई खिलाड़ियों की फिटनेस संबंधी समस्याओं से जूझ रही है। श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना टी20 विश्व कप के दौरान लगी पिंडली की चोट से उबर रहे हैं, जिससे उनका आईपीएल के शुरुआती मैचों में खेलना संदिग्ध है। भारत और बांग्लादेश के बीच इस साल की शुरुआत में तनावपूर्ण भू-राजनीतिक संबंधों के मद्देनजर बीसीसीआई ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर करने का निर्देश दिया जिससे केकेआर को इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज की सेवाएं नहीं मिल पाएंगी।

जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को मिली जगह

फ्रेंचाइजी ने उनके स्थान पर जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को अनुबंधित किया है। मुजरबानी ने आईपीएल में खेलने के लिए पाकिस्तान सुपर लीग के साथ अपना अनुबंध समाप्त कर दिया था जहां वह इस्लामाबाद यूनाइटेड के लिए खेलने वाले थे। केकेआर की टीम बुधवार से अपना अभ्यास सत्र शुरू करेगी। उसका पहला मैच 29 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुंबई में होगा।


Mukesh Pandit

Mukesh Pandit

पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 1989 में अमर उजाला से रिपोर्टिंग से करने वाले मुकेश पंडित का जनसरोकार और वास्तविकत पत्रकारिता का सफर सतत जारी है। उन्होंने अमर उजाला, विश्व मानव, हरिभूमि, एनबीटी एवं दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक अपनी सेवाएं दीं हैं। समाचार लेखन, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग में निपुणता के साथ-साथ उन्होंने समय के साथ डिजिटल और सोशल मीडिया को भी बख़ूबी अपनाया है। करीब 35 वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ मुकेश पंडित आज भी पत्रकारिता में सक्रिय हैं और जनहित, राष्ट्रहित और समाज की सच्ची आवाज़ बनने के मिशन पर अग्रसर हैं।

Related Stories
Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire