पाकिस्तान में विवाद: टी20 विश्व कप के दौरान अनफिट थे बाबर और फखर, फिजियो की भूमिका पर उठे सवाल
बोर्ड के करीबी सूत्र ने बताया कि ब्रिटेन में रहने वाले ‘स्पोर्ट्स फिजियोथेरेपी एंड मेडिसिन’ के सलाहकार डॉ. जावेद मुगल ने विश्व कप के बाद बाबर और फखर की जांच करने के बाद चिंताएं जाहिर की थी।

नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के चिकित्सा पैनल को संदेह है कि सीनियर खिलाड़ी बाबर आजम और फखर जमां टी20 विश्व कप टीम में चुने जाते समय शायद शत प्रतिशत फिट नहीं थे। पिछले हफ्ते प्रेस कांफ्रेंस में वरिष्ठ चयनकर्ता आकिब जावेद ने भी यही चिंता जताई थी और कहा था कि बोर्ड इस मामले की जांच करेगा। बोर्ड के करीबी सूत्र ने बताया कि ब्रिटेन में रहने वाले ‘स्पोर्ट्स फिजियोथेरेपी एंड मेडिसिन’ के सलाहकार डॉ. जावेद मुगल ने विश्व कप के बाद बाबर और फखर की जांच करने के बाद चिंताएं जाहिर की थी।
बाबर ने पैर की मांसपेशियों में खिंचाव था
डॉ. मुगल जनवरी में पीसीबी के चिकित्सा पैनल में स्पोर्ट्स एक्सरसाइज एंड मेडिसिन निदेशक के तौर पर शामिल हुए थे। यह मामला तब सामने आया जब विश्व कप से लौटने के बाद बाबर ने पैर की मांसपेशियों में खिंचाव का हवाला देते हुए राष्ट्रीय टी20 चैंपियनशिप में खेलने से मना कर दिया जबकि फखर भी इसी तरह की समस्याओं से जूझ रहे थे। सूत्र ने कहा, जब बाबर की जांच की गई तो उनकी चोट शुरू में बताई गई चोट से अधिक गंभीर निकली जबकि फखर भी महीनों से इसी समस्या से जूझ रहे हैं। सूत्र ने बताया कि राष्ट्रीय चयन समित ने चिकित्सा पैनल को साफ कर दिया था कि उन्होंने पाकिस्तान टीम के फिजियो क्लिफ डीकन से मंजूरी मिलने के बाद ही बाबर और फखर को विश्व कप टीम में चुना था। आरोप लग रहे हैं कि डीकन ने पहले भी खिलाड़ियों के साथ अपने करीबी संबंधों के चलते उन्हें छोटी-मोटी चोटों के बावजूद खेलने की अनुमति दी थी।
चोट पहले बताई गई तुलना में ज्यादा गंभीर
जानकारी के मुताबिक, विश्व कप के बाद जब बाबर की जांच हुई तो उनकी चोट पहले बताई गई तुलना में ज्यादा गंभीर पाई गई। इसी वजह से उन्होंने नेशनल टी20 कप में नहीं खेलने का फैसला लिया। वहीं, फखर जमान भी लंबे समय से चोट से जूझ रहे थे।अनफिट होने के बावजूद टी20 टीम में बाबर आजम और फखर जमान को शामिल किए जाने के बाद टीम के फिजियो क्लिफ डीकन की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। चयन समिति का कहना है कि उन्होंने केवल उन्हीं खिलाड़ियों को चुना जिन्हें फिजियो से फिटनेस क्लीयरेंस मिला था। क्लिफ पर आरोप है कि वह पूर्व में भी मामूली चोट से पीड़ित खिलाड़ियों को खेलने की अनुमति देते रहे हैं।
बोर्ड इस मामले की जांच करने वाला
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड इस मामले की जांच करने वाला है। जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी कि क्या बाबर और फखर को अनफिट रहते हुए विश्व कप टीम में चुना गया था? अगर जांच में ये खबर सही पाई जाती है तो पीसीबी सख्त कार्रवाई कर सकता है। बाबर आजम फिलहाल नेशनल क्रिकेट एकेडमी में रिहैब कर रहे हैं। 26 मार्च से शुरू होने वाली पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में वह पेशावर जाल्मी की कप्तानी करते नजर आएंगे।


