Top
Begin typing your search above and press return to search.

मोतिहारी में देर रात मुठभेड़, दो बदमाश ढेर, STF जवान शहीद, इलाके में कड़ी घेराबंदी

मोतिहारी में देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ में दो बदमाश मारे गए, जबकि STF का एक जवान शहीद हो गया। जानिए पूरी घटना और पुलिस की कार्रवाई।

मोतिहारी में देर रात मुठभेड़, दो बदमाश ढेर, STF जवान शहीद, इलाके में कड़ी घेराबंदी
X

स्टेट ब्यूरो, पटना. बिहार के मोतिहारी जिले में सोमवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। घटना चकिया थाना क्षेत्र की है। यह मुठभेड़ बुलाचक रामडीह के पास सिहोर्वा गांव में हुई। पुलिस की कार्रवाई में दो अपराधी मारे गए। वहीं स्पेशल टास्क फोर्स का एक जवान शहीद हो गया।

मारे गए अपराधियों की पहचान कुंदन ठाकुर और प्रियांशु दुबे के रूप में हुई है। दोनों चकिया के बुलाचक गांव के रहने वाले थे। शहीद जवान की पहचान श्रीराम यादव के तौर पर हुई है। घटना रात करीब ढाई बजे की बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, दोनों अपराधियों ने कुछ दिन पहले चकिया थाने के अपर थाना अध्यक्ष गौरव कुमार को फोन पर धमकी दी थी। इसके बाद पुलिस ने उनकी लोकेशन ट्रेस की। देर रात टीम ने छापेमारी शुरू की। इसी दौरान अपराधियों ने फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। मुठभेड़ में दोनों बदमाश मारे गए।

घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए हैं। पुलिस को एक कार्बाइन, दो पिस्टल, दो कट्टा, पांच जिंदा कारतूस और 17 खोखा मिले हैं।

घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सिहोर्वा, बेलचक और रामडीह गांव में लगातार छापेमारी चल रही है। गांव के चारों ओर पुलिस की घेराबंदी की गई है। फिलहाल किसी को भी अंदर आने या बाहर जाने की अनुमति नहीं है। मौके पर डीआईजी और एसपी पहुंच चुके हैं।

इस मुठभेड़ के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस हर गतिविधि पर नजर रख रही है। हाल के दिनों में बिहार में इस तरह की घटनाएं बढ़ी हैं। इससे पहले पटना के पास बाढ़ के पंडारक इलाके में भी पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। वहां एक बदमाश के पैर में गोली लगी थी और पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया था। मौके से कई हथियार और गोलियां बरामद हुई थीं।

छपरा के मशरक इलाके में भी हाल में पुलिस मुठभेड़ हुई थी। शराब कांड के आरोपी सूरज कुमार महतो को पुलिस ने घायल हालत में गिरफ्तार किया था। उसके पास से हथियार भी मिले थे।


Related Stories
Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire