रांची में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, फर्जी नंबर प्लेट वाली बाइक भी जब्त
बीआईटी मेसरा ओपी पुलिस की कार्रवाई, बिहार के नवादा के रहने वाले आरोपी कई जिलों में कर चुके हैं एटीएम ठगी

रांची वाईबीएन डेस्क : रांची में एटीएम कार्ड बदलकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के दो शातिर अपराधियों को बीआईटी मेसरा ओपी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिहार के नवादा जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र निवासी विक्रम कुमार शर्मा उर्फ बिट्टू और उसके भाई धनन्जय कुमार सिंह के रूप में हुई है।
ग्रामीण एसपी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि एसएसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि एटीएम कार्ड बदलकर अवैध निकासी करने वाले गिरोह के दो सदस्य पल्सर बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर रांची के विभिन्न थाना क्षेत्रों में घूम रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस ने सभी संबंधित थानों को सतर्क करते हुए विशेष टीमों का गठन किया और शहर के अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग अभियान शुरू किया गया।
पुलिस की टीम लगातार संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही थी, ताकि गिरोह के सदस्यों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।
पुलिस चेकिंग के दौरान दोनों आरोपी दबोचे गए
चेकिंग अभियान के दौरान बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र में बीआईटी रेलवे ओवरब्रिज के पास एक पल्सर बाइक (JH01CF-4430) पर सवार दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों युवक मौके से भागने लगे।
पुलिस टीम ने पीछा करते हुए जुमार पुल के पास दोनों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से तीन एटीएम कार्ड, दो मोबाइल फोन और स्मॉल फाइनेंस बैंक से संबंधित एटीएम कार्ड बरामद किए गए।
जांच के दौरान यह भी पता चला कि जिस बाइक से दोनों आरोपी घूम रहे थे, उस पर लगी नंबर प्लेट फर्जी थी। बाइक पर JH01CF-4430 नंबर अंकित था, जबकि वाहन का वास्तविक रजिस्ट्रेशन नंबर JH01CE-4430 पाया गया। पुलिस ने बाइक को भी जब्त कर लिया है।
कई जिलों में कर चुके हैं एटीएम ठगी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खातों से पैसे निकालने का काम करते थे। वे एटीएम बूथों के आसपास घूमकर लोगों को मदद के बहाने कार्ड बदल लेते थे और बाद में उनके खातों से पैसे निकाल लेते थे।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी पहले भी रांची के नामकुम और बीआईटी मेसरा क्षेत्र में ऐसी घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। इसके अलावा धनबाद के सरायढेला थाना, जमशेदपुर के एमजीएम थाना, गिरिडीह के सरिया थाना सहित कई अन्य स्थानों पर भी इनके खिलाफ ठगी के मामले दर्ज हैं।
पुलिस को दोनों आरोपियों के ठगी से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं, जो जांच में अहम सबूत साबित हो सकते हैं। इस मामले में मेसरा ओपी में सदर थाना कांड संख्या 120/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ विभिन्न जिलों में कुल नौ मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की भी तलाश की जा रही है।


